अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। शहर में जम्मू-कश्मीर बोर्ड और सीबीएसई से पंजीकृत निजी स्कूलों की मनमानी के खिलाफ अगर कोई अभिभावक आवाज उठाता है तो स्कूल प्रबंधन बच्चों को ट्रांसफर सर्टिफिकेट लेने के लिए दबाव बना रहे हैं। स्कूलों की मनमानी से अभिभावक और छात्र परेशान हैं। इसके बावजूद स्कूल शिक्षा विभाग आंखें मूंदें बैठा है।
अखनूर में सेंट फ्रांसिस हायर सेकेंडरी स्कूल प्रबंधन पर अभिभावक गंभीर आरोप लगा रहे हैं। इसमें बच्चों को जबरन स्कूल से निकालने की शिकायत शामिल है। एक अभिभावक ने कहा कि बेटी पांचवीं कक्षा में पढ़ रही थी, लेकिन स्कूल ने अब टीसी लेने को कहा है। एक महीने से बच्ची घर में है। बिना किसी कारण बच्चों और अभिभावकों को तंग किया जा रहा है। अभिभावक ने कहा कि पिछले वर्ष की सभी फीस जमा करवाने के बाद भी प्रबंधन टीसी लेने के लिए दबाव डाल रहा है। शिकायत फीस निर्धारण समिति और स्कूल शिक्षा विभाग को दी है, लेकिन आश्वासन के नाम पर कुछ नहीं हो रहा। फीस निर्धारण समिति ने स्कूल प्रबंधन को पेश होने का आदेश भी जारी किया है। इसके बावजूद मनमानी जारी है। ब्यूरो