प्रधानमंत्री देश में तीन नए आईआईएम-जम्मू, बोधगया और विशाखापत्तनम का उद्घाटन करेंगे। वह देश में केंद्रीय विद्यालयों के 20 नए भवनों और 13 नए नवोदय विद्यालयों भवनों का भी उद्घाटन करेंगे। प्रधानमंत्री देश में पांच केंद्रीय विद्यालय परिसरों, एक नवोदय विद्यालय परिसर और नवोदय विद्यालयों के लिए पांच बहुउद्देशीय हॉल का शिलान्यास भी करेंगे। ये नवनिर्मित केंद्रीय विद्यालय और नवोदय विद्यालय भवन पूरे देश के छात्रों की शैक्षिक आवश्यकताओं को पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
प्रधानमंत्री एम्स जम्मू के साथ ही कश्मीर घाटी में रेल विद्युतीकरण व बनिहाल से संगलदान तक 48 किमी रेल सेवा का उद्घाटन करेंगे। जम्मू हवाई अड्डा के नई टर्मिनल बिल्डिंग व कॉमन यूजर फैसिलिटी पेट्रोलियम डिपो की आधारशिला रखेंगे। एम्स जम्मू की फरवरी 2019 में उन्होंने आधारशिला रखी थी।
कश्मीरी पंडित कर्मियों के 224 फ्लैट का करेंगे उद्घाटन
प्रधानमंत्री कश्मीरी पंडित कर्मचारियों को घाटी में आवास सुविधा उपलब्ध कराने के लिए गांदरबल और कुपवाड़ा में 224 फ्लैट का उद्घाटन करेंगे। इसके साथ ही अनंतनाग, कुलगाम, कुपवाड़ा, शोपियां और पुलवामा जिलों में नौ स्थानों पर 2816 फ्लैट वाले ट्रांजिट आवास की आधारशिला भी रखेंगे। उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए पांच इंड एस्टेट के विकास की नींव पत्थर रखेंगे।