- एमबीबीएस/बीडीएस डाॅक्टरों को पोर्टल पर खुद को पंजीकृत करने को कहा
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। जम्मू-कश्मीर में मेडलीएपीआर परियोजना के सफल कार्यान्वयन के लिए समर्पित पोर्टल पर नोडल अधिकारी के तौर पर एमबीबीएस/बीडीएस डाॅक्टरों को खुद को पंजीकृत करने को कहा गया है।
इस पोर्टल के माध्यम से भविष्य में मेडिको-लीगल परीक्षण और पोस्टमार्टम रिपोर्ट को आनलाइन किया जाएगा जिसमें संबंधित एजेंसियां ऑनलाइन रिपोर्ट हासिल करने में सफल होंगी। अभी तक की व्यवस्था में आफलाइन मोड पर पोस्टमार्टम या मेडिको लीगल मामलों को हार्ड कापी व रिकार्ड में रखा जाता है। नई व्यवस्था में न्यायपालिका में ऑनलाइन मेडिको लीगल और पोस्टमार्टम की रिपोर्ट पेश की जा सकेगी।
बताया जाता है कि अभी तक 2500 से अधिक एमबीबीएस और बीडीएस डॉक्टरों ने पंजीकृत करवा लिया है। जम्मू संभाग में 70 प्रतिशत के करीब डाॅक्टर पंजीकृत हो गए हैं। बचे हुए डाॅक्टरों को आगामी दिनों में पंजीकृत होने को कहा गया है। ऐसा न करने वाले डाॅक्टरों के खिलाफ विभागीय अध्यक्षों को कार्रवाई के लिए कहा गया है।