बच्चों की पढ़ाई पर पड़ रहा बुरा असर
संवाद न्यूज एजेंसी
अरनिया। गवर्नमेंट हाई स्कूल ब्यासपुर में 2 साल से हेडमास्टर की कुर्सी खाली है। स्कूल में जिम्मेदार पद खाली होने से बच्चों की पढ़ाई पर बुरा असर पड़ रहा है। सूत्रों के अनुसार वर्ष 2021 में हेडमास्टर इस स्कूल से स्थानांतरित किए गए थे। उसके बाद अभी तक यह कुर्सी खाली ही है।
इस स्कूल में 75 बच्चे हैं, और नर्सरी से 10वीं तक की कक्षाएं लगती हैं। हेडमास्टर न होने के कारण मौजूदा स्टाफ को भी बड़ी समस्या का सामना करना पड़ रहा है, और स्कूल में छोटे-मोटे फैसलों के लिए भी आला अधिकारियों से मिलना पड़ता है। सरकारी स्कूलों में बच्चों के दाखिले के लिए सरकार अभियान चला रही है। लेकिन, सरकारी स्कूलों की यह हालत देखकर अभिभावक अपने बच्चों को सरकारी स्कूलों में भेजने के कतराते हैं।
गांव के सरपंच शशि कुमार ने बताया कि स्कूल का बार बार दौरा किया जाता है, लेकिन हेडमास्टर की कुर्सी खाली देखकर बच्चों की पढ़ाई की चिंता सताने लगती है। लोगों को सरकारी स्कूल में बच्चों के दाखिले के लिए कहा जा रहा है, परंतु जब अभिभावक स्कूल की व्यवस्था पर सवाल उठाते हैं तो वह भी उचित जवाब नहीं दे पाते। कई बार शिक्षा विभाग को भी इस मुद्दे को लेकर अवगत करवाया गया है, परंतु सरपंच की बात को भी नजरअंदाज किया जा रहा है। विभाग को जल्द इस स्कूल में हेडमास्टर की नियुक्ति कर देनी चाहिए।