पुंछ जिले के भाटादूड़ियां इलाके में आतंकी हमले में शहीद चार जवान पंजाब और एक ओडिशा निवासी थे। राजोरी स्थित व्हाइट नाइन कोर मुख्यालय ने इसकी जानकारी दी है। शहीदों में पंजाब निवासी हवलदार मनदीप सिंह, सिपाही हरकिशन सिंह, कुलवंत सिंह, सेवक सिंह शामिल हैं।
ओडिशा निवासी की पहचान सिपाही देबाशीष के तौर पर हुई है। सेना ने कहा कि वह शहीदों के परिजनों के साथ खड़ी है। वह सभी की बलिदान को सलाम करती है। इस हमले में एक अन्य जवान गंभीर रूप से घायल है। उसे इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। सैन्य प्रवक्ता ने बताया कि पूरे इलाके की घेराबंदी कर तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।
आतंकी संगठन पीएएफएफ ने हमले की जिम्मेदारी ली है। श्रीनगर में अगले महीने 22 से 24 मई के बीच जी-20 की बैठक को देखते हुए पुलिस ने सेना को सतर्क रहने की एडवाइजरी जारी की है। पुंछ-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग पर वीरवार दोपहर बाद तीन बजे के करीब सेना की 49 राष्ट्रीय राइफल (आरआर) का एक सैन्य वाहन भिंबर गली से गांव संगयोट स्थित सैन्य मुख्यालय की तरफ जा रहा था।
इस दौरान भाटादूड़ियां और तोता गली के बीच अचानक आतंकियों ने घने कोहरे व बारिश के बीच इस वाहन पर हमला कर दिया। पहले उन्होंने ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं, फिर ग्रेनेड से हमला किया। ग्रेनेड हमले से वाहन में लगी भयंकर आग की चपेट में आने से पांच जवान शहीद हो गए। बारिश और कम दृश्यता के कारण उन्हें हमले के बाद आसानी से भाग निकलने का मौका मिल गया।