विजयपुर। विजयपुर बाजार में पॉलिथीन पर प्रतिबंध है। उसके बावजूद पॉलिथीन धड़ल्ले से इस्तेमाल हो रही है।
नगर पालिका कमेटी विजयपुर, जिला प्रशासन, प्रदूषण नियंत्रण इकाई को कार्रवाई की याद तभी आती है जब शासन स्तर पर सख्ती की जाती है। हालात यह हैं कि विजयपुर बाजार और आसपास प्रतिबंध के बावजूद पॉलिथीन का इस्तेमाल हो रहा है। इसके लिए स्थानीय स्तर पर कार्रवाई के लिए टीमें बनी हुई हैं लेकिन इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा। कैरी बैग, थर्माकोल से बनीं प्लेटें, गिलास व अन्य उत्पादों का उपयोग बेरोकटोक हो रहा है। पॉलिथीन नाले-नालियों से लेकर कूड़े के ढेर में नजर आती है। इस कारण यहां पर्यावरण प्रदूषित हो रहा है और जल निकासी भी प्रभावित होती है। इसका खामियाजा हर किसी को भुगतना पड़ रहा है। क्षेत्र के गणमान्य लोगों ने नगर पालिका कमेटी विजयपुर, डीसी सांबा राजेश शर्मा से मांग की है कि जो लोग अवैध रूप से पॉलिथीन बेच रहे हैं, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाए।