जम्मू। जिला कांग्रेस समिति ग्रामीण ने रविवार को मुट्ठी में भारत जोड़ो अधिवेशन करवाया। इसमें पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष विकार रसूल, कार्यकारी अध्यक्ष रमण भल्ला समेत कई नेताओं ने जम्मू-कश्मीर राज्य के दर्जे की बहाली की मांग उठाई।
रसूल ने कहा कि भाजपा सरकार हर क्षेत्र में विफल रही है। लोग मूलभूत सुविधाओं के लिए परेशान हैं और सरकार अपनी पीठ खुद थपथपाती रहती है। भल्ला ने कहा कि भाजपा सरकार ने जम्मू-कश्मीर के गौरव को कम करने का काम किया है। लोगों से हक छीने हैं। जम्मू-कश्मीर राज्य का दर्जा जल्द बहाल करने के साथ जल्द विधानसभा चुनाव होने चाहिए। जिला कांग्रेस ग्रामीण के अध्यक्ष हरि सिंह चिब की तरफ से आयोजित अधिवेशन में उपाध्यक्ष मूला राम, कांता भान, पूर्व मंत्री योगेश साहनी, महासचिव मनमोहन पिंका, पूर्व सांसद टीएस बाजवा, नीरज कुंदन, उदय चिब, पवन रैना आदि मौजूद रहे।