आरएस पुरा। कांग्रेस नेता चौधरी मोहन सिंह ने मांग की है कि जम्मू-कश्मीर में जल्द से जल्द 4जी इंटरनेट सेवा बहाल की जाए। शनिवार को प्रेेसवार्ता में चौधरी मोहन सिंह ने कहा कि 4जी इंटरनेट सेवा न होने के कारण विद्यार्थियों की शिक्षा पर असर पड़ रहा है। कोरोना वैश्विक महामारी के चलते सभी शिक्षा संस्थान बंद पड़े हैं। ऐसे में विद्यार्थी घरों में रहकर ही ऑनलाइन शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। प्रदेश में हाई स्पीड वाले इंटरनेट सेवा पर रोक लगने के कारण इन विद्यार्थियों की शिक्षा काफी हद तक बाधित हो रही है। इसकी सरकार को कोई फिक्र नहीं है। उन्होंने केंद्र सरकार से मांग की कि जम्मू-कश्मीर में जल्द से जल्द यह सेवा बहाल होनी चाहिए। इसके अलावा व्यापार चलाने वाले लोगों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। 4जी इंटरनेट का भुगतान करने पर टू जी की सेवा मिल रही है। उन्होंने कहा कि दूरसंचार कंपनियों द्वारा पैसा तो पूरे एक माह का वसूला जाता है जबकि ये सुविधा मात्र 28 दिन ही दी जाती है। जो देश की जनता को लूटने का कार्य हो रहा है। इसकी तरफ सरकार को ध्यान देने की जरूरत है।