रियासी। डीडीसी अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के नतीजों को ले कर स्थानीय लोगों के साथ ही भाजपा कार्यकर्ता भी उत्साहित रहे। मिनी सचिवालय में ज्यादातर भाजपा से जूडे़ हुए समर्थक ही देखे गए। राज्य सचिव अरविंद गुप्ता, रियासी जिला प्रभारी राजीव शर्मा, सह प्रभारी रोहित दूबे, जिला प्रधान शील मगोत्रा, पूर्व राज्य मंत्री अजय नंदा, युवा मोर्चा जिला प्रधान प्रभात सिंह, महासचिव पारसमणि आदि को नतीजों के आने का इंतजार करते देखा गया। सर्राफ सिंह नाग के चेयरमैन घोषित होते ही सभी के चेहरे खुशी से चहक उठे, लेकिन उपाध्यक्ष पद हाथ से जाने पर चेहरे मुरझा गए। बाद में अध्यक्ष बने सर्राफ सिंह के बाहर आने पर हार पहना कर जोरदार स्वागत किया गया और श्री कालिका माता मंदिर तक विजयी रैली निकाली गई। विजेता का जगह-जगह कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया।