-टूर ऑपरेटर्स से बोले सीएम-अब खतरा नहीं
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने कहा है कि जम्मू-कश्मीर में पर्यटन फिर से पटरी पर आ गया है। पहलगाम हमले के बाद लोग बड़ी तादाद में प्रदेश पहुंच रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में पर्यटन को दोबारा उसी जगह लाने के लिए प्रदेश को बड़े सहयोग की आवश्यकता है। यह सहयोग उन्होंने टूर ऑपरेटर्स से मांगा है। मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने अपने पश्चिम बंगाल दौरे के दौरान देश भर के टूर ऑपरेटर्स से मुलाकात की और उनके सवालों का जवाब भी दिया। मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने अपनी इस बातचीत को एक्स के माध्यम से भी साझा किया है। उमर अब्दुल्ला ने इससे पहले पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बेनर्जी से मुलाकात कर उन्हें जम्मू-कश्मीर आने का न्यौता दिया। मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला के न्योते पर ममता बनर्जी ने जम्मू-कश्मीर आने का आश्वासन दिया है। पहलगाम हमले के बाद प्रदेश की आर्थिकी की सबसे बड़ी वजह पर्यटन पर असर पड़ा है। मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला दोबारा से पर्यटन कारोबार बढ़ाने को लेकर लगातार काम कर रहे हैं। इससे पहले उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से केंद्रीय समितियों की बैठकें जम्मू-कश्मीर में करवाने का आह्वान किया था। इसका असर अब देखने को मिल रहा है। केंद्रीय समितियां जम्मू-कश्मीर का दौरा कर रही हैं। अब पश्चिम बंगाल में मुख्यमंत्री ने यह पहल की है। मुख्यमंत्री ने टूर ऑपरेटर्स को आश्वासन दिया है कि जम्मू-कश्मीर में हालात अब सामान्य हो चुके हैं और किसी भी तरह का खतरा नहीं है। पर्यटक बेझिझक कश्मीर घूमने आ सकते हैं।