संवाद न्यूज एजेंसी
सुंदरबनी। अंतरराष्ट्रीय विश्व हिंदू परिषद के अध्यक्ष डॉ. प्रवीण तोगड़िया ने रविवार को सुंदरबनी में हुंकार भरी। माया फोर्ट में अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद ने हिंदू सम्मेलन का आयोजन किया। इसकी अध्यक्षता स्थानीय नेता सुशील सूदन ने की। तोगड़िया दोपहर करीब 12:00 बजे सुंदरबनी पहुंचे। स्थानीय हिंदू कार्यकर्ताओं ने फूलमालाएं पहनाकर उनका अभिनंदन किया। माया फोर्ट में आयोजित सम्मेलन को विभिन्न हिंदू वक्ताओं ने संबोधित किया। तोगड़िया ने कहा कि हिंदुओं को अपनी कुछ समस्याओं को दूर करना होगा। जैसे हिंदुओं की घटती आबादी एक बड़ी समस्या है। उन्होंने कहा कि हिंदुओं का संगठित न होना तथा जिस प्रकार शेष धर्मों के लोग एक विशेष दिन पर एक प्रार्थना सभा या अपने धर्मस्थल पर एकत्रित होते हैं। उसी प्रकार हिंदू भी अपने बच्चों सहित गांव के मंदिर में हनुमान चालीसा के लिए एकत्रित हों, गायत्री मंत्र के लिए एकत्रित हों तथा हर गांव, पंचायत व शहर में हिंदुओं को संगठित होने के लिए थोड़ा समय निकालना होगा। अन्यथा जो बांग्लादेश में हो रहा है वह भारत में होने में ज्यादा समय नहीं लगेगा। उन्होंने सभी हिंदुओं से एकजुट होकर संगठन को बढ़ावा देने तथा अपने आप को सुरक्षित करने पर जोर दिया। कार्यक्रम में सुरक्षा व्यवस्था के लिए तहसीलदार दलजीत सिंह परिहार, थाना प्रभारी राजीव शर्मा सहित अन्य कई प्रशासनिक अधिकारी भी उपस्थित रहे। दोपहर ढाई बजे भोजन की व्यवस्था की गई।