मीरां साहिब। बिश्नाह के गांव सोंगली में कचरा डंपिंग साइट मामले में भाजपा नेता को पुलिस ने गिरफ्तार कर मामला दर्ज किया है।
जानकारी के अनुसार भाजपा किसान मोर्चा के राज्य उप प्रधान सतीश भारती कचरा डंपिंग साइट पर लोगों का समर्थन करने के लिए शनिवार देर शाम को पहुंच गए। उन्होंने प्रदर्शनकारियों पर पुलिस की लाठीचार्ज का विरोध किया। इस मौके पर भाजपा नेता पुलिस और प्रशासन के खिलाफ लोगों के साथ मिलकर नारेबाजी करने लगे। उन्होंने कहा कि पुलिस और प्रशासन ने तानाशाही रवैया अपनाया गया। कहा कि बुजुर्ग व महिलाओं पर लाठी चार्ज कर कानून के रक्षक ही भक्षक बन गए हैं। इस मौके पर उन्होंने तहसीलदार के खिलाफ आपत्तिजनक शब्द बयां करने के आरोप भी लगाए। प्रदर्शन के बाद बिश्नाह पुलिस ने रविवार देर रात भाजपा नेता सतीश भारती को घर से हिरासत में ले उसे मीरां साहब थाने ले जाया गया। बिश्नाह पुलिस को डर था कि भाजपा नेता को हिरासत में लेने के बाद मामला बिगड़ सकता है। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर मीरां साहिब थाने रखा गया। सोमवार को भाजपा के बड़े नेताओं और विधायकों द्वारा मामले में हस्तक्षेप करने के बाद सतीश भारती को जमानत पर छोड़ दिया गया है। सतीश भारती पर अलग-अलग धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। वही स्थानीय लोगों का कहना है कि लोगों की आवाज को दबाने के लिए पुलिस अब भाजपा नेताओं को खिलाफ झूठे मामले दर्ज कर कार्रवाई कर रही है। इस मामले में बिश्नाह थाना प्रभारी से मामले के बारे में पूछा गया है। उन्होंने बताया कि मामला मीरां साहब थाने का है। वहीं दूसरी ओर जब मीरां साहिब थाने में मामले के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि एहतियात के तौर पर भाजपा नेता को मीरां साहिब थाने में रखा गया था लेकिन उसके खिलाफ मामला बिश्नाह थाने में दर्ज है। मीरां साहिब पुलिस थाना प्रभारी जयपाल शर्मा ने कहा कि दर्ज मामले के आधार पर कानूनी कार्रवाई के अंतर्गत सतीश भारती को जमानत पर सोमवार दोपहर को रिहा किया गया।