श्रीनगर। अपनी पार्टी के अध्यक्ष सैयद मोहम्मद अल्ताफ बुखारी ने देश के विभिन्न हिस्सों में रह रहे कश्मीरी पंडितों से घाटी में अपने घरों को लौटने की अपील की। उन्होंने कहा, यहां आपके कश्मीरी भाई आपकी रक्षा करेंगे। बुखारी शुक्रवार को बडगाम जिले के खान साहिब में अपनी पार्टी की रैली को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा हमारे कश्मीरी पंडित भाइयों की सम्मानजनक वापसी कश्मीर में लोगों का एजेंडा है। यह किसी खास राजनीतिक दल का एजेंडा नहीं है। मैं उनसे कश्मीर में अपने घरों को लौटने की हार्दिक अपील करता हूं। आपके मुस्लिम भाई आपकी रक्षा करेंगे। अपनी पार्टी के अध्यक्ष ने कहा कश्मीर में दशकों से चली आ रही मानवीय त्रासदियों और पीड़ा के लिए सीधे तौर पर पारंपरिक राजनीतिक दलों को दोषी ठहराया। उन्होंने कहा कि वे अभी भी अपनी राजनीति और छल नहीं छोड़ रहे हैं। मैं पारंपरिक राजनीतिक दलों के नेताओं को श्रीनगर के लाल चौक पर बहस के लिए चुनौती देता हूं। बुखारी ने कहा, उन्हें मेरे साथ बहस करने दीजिए, मैं उनके कुकर्मों का पर्दाफाश करूंगा। संवाद