श्रीनगर। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के महासचिव गुलाम अहमद मीर ने दक्षिण कश्मीर के कपरान, वेरीनाग, दोरू और अन्य इलाकों में बर्फबारी के कारण आम नागरिकों के लिए पनपी परेशानियों पर चिंता व्यक्त की। मीर ने कहा कि कुछ इंच बर्फबारी ने जम्मू-कश्मीर प्रशासन के बड़े-बड़े दावों की पोल खोल दी है। बिजली की उचित आपूर्ति सुनिश्चित करने में विफलता और विकास की कमी ने जनता की मुसीबतें बढ़ा दी हैं। मीर वीरवार को दक्षिण कश्मीर के वीरिंग इलाके में एक जनसभा को संबोधित कर रहे थे, जहां उन्हें पार्टी कार्यकर्ताओं ने संगठनात्मक गतिविधियों के बारे में अवगत कराया। मीर ने कार्यकर्ताओं को पार्टी के कार्यक्रमों और नीतियों को घर-घर तक पहुंचाने के लिए कहा। ब्यूरो