जम्मू। प्रदेश कांग्रेस ने पुलिस की गोलीबारी में मारे गए युवक के मामले में एफआईआर दर्ज करने और न्यायिक जांच की मांग की है। जांच में दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की भी बात कही है। प्रदेशाध्यक्ष तारिक हमीद कर्रा शनिवार को अन्य नेताओं के साथ मृतक के परिजन से मिलने पहुंचे। कर्रा ने कहा कि मामले में सामने आया है कि युवक निर्दोष था। अब पुलिस ने परिजन को नौकरी और मुआवजे का आश्वासन दिया है। यह दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय घटना है। पीड़ित परिवार को मिलने वाला मुआवजा न्याय नहीं कर सकता। युवक की मौत से उसकी मां, पत्नी और अन्य परिजन सदमे में हैं। कार्यकारी अध्यक्ष रमण भल्ला ने कहा कि कांग्रेस परिवार के दुख और पीड़ा को बांटने पहुंची है। कांग्रेस नेता शाह नवाज चौधरी ने कहा कि मौत के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। ब्यूरो