मुट्ठी में कांग्रेस के कार्यक्रम में कांग्रेस नेता और मौजूद आम लोग: स्रोत कांग्रेस
- मुट्ठी में कांग्रेस ने कार्यक्रम कर राज्य का दर्जा बहाल करने की मांग की
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। प्रदेश कांग्रेस ने हमारी रियासत, हमारा हक अभियान के बहाने भाजपा पर फिर निशाना साधा। जम्मू के मुट्ठी में कार्यक्रम में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष तारिक हमीद कर्रा ने कहा कि कांग्रेस तब तक चैन से नहीं बैठेगी, जब तक जम्मू-कश्मीर राज्य का दर्जा बहाल नहीं होता। कहा कि प्रदेश में सरकार के पास काम करने के अधिकार ही नहीं हैं। इससे जनता के मामले हल नहीं हो पा रहे। कर्रा ने भाजपा से पूछा कि क्या राज्य का दर्जा बहाल करने की प्रतिबद्धता मोदी सरकार का एक और जुमला है। चुनाव से पहले तो यही कहते थे। जब जनादेश मिल गया तो अब चुप्पी साधे हुए हैं। सर्वोच्च न्यायालय व जम्मू-कश्मीर के लोगों के समक्ष राज्य का दर्जा देने की प्रतिबद्धता को भाजपा पूरा नहीं कर रही। हमारी विचारधारा और राष्ट्र का संविधान अनेकता में एकता पर आधारित है, जबकि भाजपा वोट बैंक की राजनीति के लिए विभाजन और सांप्रदायिकता में विश्वास करती है। कार्यक्रम में कार्यकारी अध्यक्ष तारा चंद, रमण भल्ला, चौधरी लाल सिंह, नीरज कुंदन, उदय भानु चिब, मूला राम, रविंदर शर्मा, रिक्की ढलोत्रा आदि मौजूद रहे।