भाजपा की साप्ताहिक बैठक में महिलाओं को योजनाओं के बारे में बतातीं प्रदेश महासचिव संजीता डोगरा।
जम्मू। भाजपा की ओर से साप्ताहिक बैठक के दौरान महिलाओं को सरकारी कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। कच्ची छावनी स्थित पंडित प्रेमनाथ डोगरा भवन में हुई इस बैठक में पार्टी की प्रदेश महासचिव और मुख्यालय प्रभारी संजीता डोगरा ने महिलाओं को उद्यमिता के अवसरों और आर्थिक गतिविधियों में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने वाली पहलों के बारे में बताया। कहा कि सरकारी योजनाओं, वित्तीय सहायता, कौशल प्रशिक्षण और मार्केटिंग के अवसरों के बारे में जानकारी होने से महिलाएं अपने विचारों को टिकाऊ आजीविका में बदल सकती हैं। उन्होंने खास तौर पर महिलाओं की ओर से मोटे अनाज (मिलेट) से बने खाद्य उत्पादों, पर्यावरण के अनुकूल उत्पादों, हस्तशिल्प और स्थानीय स्तर पर बनी अन्य वस्तुओं के निर्माण और मार्केटिंग से जुड़ी पहलों का जिक्र किया। इस दौरान भाजपा के उद्योग प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक एडवोकेट दीपक गुप्ता, स्कॉस्ट के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. संजय कौशल आदि मौजूद रहे। ब्यूरो