जम्मू। कांग्रेस का इंडिया ब्लाक से सीट गठबंधन का पेंच अभी साफ नहीं हो पाया है। उधर, नेकां ने कश्मीर की सभी तीन संसदीय सीटों पर लड़ने का ऐलान कर दिया है और पीडीपी को किसी तरह का समर्थन न देने की बात कही है। इससे संभव है कि कांग्रेस और नेकां के बीच जम्मू कश्मीर की पांच संसदीय सीटों पर 3/2 के सीट गठबंधन के फार्मूले पर बात हो सकती है। नेकां ने पिछले चुनाव में श्रीनगर, बारामुला और अनंतनाग सीट पर जीत हासिल की है और इन तीनों सीटों पर उनकी दावेदारी कायम है। हालांकि जम्मू संभाग की जम्मू और उधमपुर सीट में कोई भी कांग्रेस के पास नहीं है। भाजपा के सामने टक्कर में कांग्रेस को ही प्रमुख दल माना जा रहा है। इसमें गठबंधन की सूरत में नेकां जम्मू और उधमपुर सीटों को कांग्रेस के लिए छोड़ सकती है। जम्मू सीट के लिए कांग्रेस की ओर से कार्यकारी अध्यक्ष रमण भल्ला को प्रमुख दावेदार माना जा रहा है। हालांकि प्रत्याशी पैनल के लिए अन्य वरिष्ठ नेताओं के नाम भी हाई कमान को भेजे गए हैं। कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष विकार रसूल वानी ने कहा कि इंडिया ब्लाक से सीट गठबंधन पर बात चल रही है और जल्द ही सारी स्थिति साफ हो जाएगी। ब्यूरो