जम्मू। केंद्रीय मंत्री डाॅ. जितेंद्र सिंह ने कहा है कि प्रथम प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू की जल्दबाजी से पाकिस्तान अधिकृत जम्मू कश्मीर अभी तक पाकिस्तान के अवैध कब्जे में है। नई दिल्ली में संकल्प दिवस कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नेहरू ने तत्कालीन गृहमंत्री सरदार पटेल और अपने कैबिनेट के सहयोगी मंत्रियों को विश्वास में लिए बिना ही आकाशवाणी भवन जाकर एक तरफा युद्ध विराम घोषित कर दिया था। उस समय भारतीय सेना मजबूत स्थिति में थी और पाकिस्तान से अवैध कब्जा मुक्त करवाने में सक्षम थी। उन्होंने कहा, भाजपा जम्मू कश्मीर के पाकिस्तान के कब्जे वाले हिस्से को वापिस लेने के लिए प्रतिबद्ध है और पूरा देश यही चाहता है। इसी बीच, जम्मू में भी भाजयुमो ने संकल्प दिवस मनाया। इस अवसर पर पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सत शर्मा ने कहा कि पूर्ण जम्मू-कश्मीर भारत का अभिन्न अंग है। पाकिस्तान के अवैध कब्जे वाले जम्मू कश्मीर को पाकिस्तान को खाली करना पड़ेगा। इस अवसर पर पूर्व मंत्री विबोध गुप्ता, पूर्व विधायक अश्विनी शर्मा, भाजयुमो के अध्यक्ष अरऊण प्रभात भी मौजूद रहे। ब्यूरो