अखनूर में बैठक में बोले, राष्ट्र विरोधी भावनाओं को भड़काने की कोशिश की जा रही
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुग ने जम्मू-कश्मीर को संकट की स्थिति में डालने के लिए कांग्रेस और क्षेत्रीय राजनीतिक दलों को जिम्मेदार ठहराया। अखनूर में बैठक में उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जम्मू-कश्मीर के लिए शांति और विकास के एक नए युग की कल्पना की है। कांग्रेस, अब्दुल्ला और मुफ्ती की क्षेत्रीय पार्टियां जानबूझकर लोगों को गुमराह कर रही हैं और राष्ट्र विरोधी भावनाओं को भड़काने की कोशिश कर रही हैं। चुग ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं को आगामी विधानसभा चुनाव के लिए खुद को तैयार कर लेना चाहिए। अब जम्मू-कश्मीर में राष्ट्रविरोधी ताकतों को हराने का समय है ताकि हर व्यक्ति मोदी सरकार के विकास और दूरदर्शी नीतियों का लाभ उठा सके। बैठक में पूर्व मंत्री शाम लाल शर्मा भी मौजूद थे। वहीं, पूर्व मंत्री राजीव जसरोटिया ने बनी विधानसभा क्षेत्र और डीडीसी रामबन और सह प्रभारी डोडा राकेश ठाकुर ने बनिहाल विधानसभा क्षेत्र में भाजयुमो सम्मेलन को संबोधित किया।