प्रदेश भाजपा की कार्यकारिणी बैठक 5 जुलाई से, विस चुनाव के लिए बनाई जाएगी रणनीति
राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा सहित जम्मू कश्मीर से 2000 प्रतिनिधि शिरकत करेंगे
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। जम्मू-कश्मीर के आगामी विधानसभा चुनाव में 50 प्लस का आंकड़ा जुटाने के लिए भाजपा ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इस कड़ी में आगामी 5 और 6 जुलाई को भाजपा की प्रदेश कार्यकारिणी की अहम बैठक बुलाई गई है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की अध्यक्षता में विधानसभा चुनाव की रणनीति पर चर्चा की जाएगी। राष्ट्रीय अध्यक्ष छह जुलाई को बैठक में शामिल होंगे। प्रदेश पदाधिकारी बैठक और प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में जम्मू कश्मीर के करीब दो हजार प्रतिनिधि शामिल होंगे।
पार्टी के अनुसार आगामी 5 जुलाई को प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक होगी। छह जुलाई को प्रदेश कार्य समिति की बैठक होगी। इन बैठकों में हाल ही में हुए लोकसभा चुनाव के प्रदर्शन की समीक्षा करने के साथ आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर रणनीति बनाई जाएगी। मिश्रीवाला के एक हाल में प्रस्तावित इस बैठक में सांसद जुगल किशोर, पीएमओ में मंत्री डा. जितेंद्र सिंह, जम्मू कश्मीर के प्रभारी तरुण चुग, सह प्रभारी आशीष सूद सहित सभी वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे। यह विस्तारित बैठकें होंगी। लोकसभा चुनाव में भाजपा ने उधमपुर और जम्मू संसदीय सीट पर जीत से हैट्रिक बनाने का कीर्तिमान स्थापित किया है। भाजपा विधानसभा चुनाव में 50 से अधिक सीटों को पाने के लक्ष्य पर काम कर रही है। इसमें कश्मीर केंद्रित विधानसभा क्षेत्रों में अपने सहयोगी दलों को समर्थन देने के साथ खुद कई विस क्षेत्रों में पार्टी प्रत्याशी उतार सकती है। लोकसभा चुनाव में भाजपा ने उधमपुर और जम्मू सीट पर ही अपने प्रत्याशी उतारे थे, जबकि कश्मीर केंद्रित एक सीट पर अपने सहयोगी दल को समर्थन दिया था। प्रदेशाध्यक्ष रवींद्र रैना ने कार्यकारिणी बैठक की पुष्टि की है।