डेमोक्रेटिक प्रोग्रेसिव आजाद पार्टी (डीपीएपी) के प्रमुख गुलाम नबी आजाद ने सोमवार को कहा कि लोकसभा चुनाव के नतीजे चौंकाने वाले हो सकते हैं, क्योंकि देश के अधिकांश राज्यों में एनडीए और क्षेत्रीय दलों के बीच सीधी टक्कर है। अनंतनाग जिले में रोड शो के दौरान आजाद ने कहा, मुकाबला हर जगह एक जैसा नहीं है। यह हर राज्य में अलग है। ज्यादातर जगहों पर यह एनडीए और क्षेत्रीय दलों के बीच सीधी लड़ाई है और जहां कांग्रेस सत्ता में है, वहां लड़ाई कांग्रेस और भाजपा के बीच है।
उन्होंने कहा, चूंकि कांग्रेस की सरकार केवल दो-तीन राज्यों में है, अन्य राज्यों में अलग-अलग क्षेत्रीय दल हैं और इसलिए मुकाबला उनसे है। आजाद ने कहा कि वह न तो एनडीए और न ही इंडिया गठबंधन के पक्षधर हैं। मुझे पता है कि कौन सा क्षेत्र या राज्य किस पार्टी का समर्थन करता है, लेकिन मैं किसी भी पार्टी का पक्ष नहीं लेना चाहता, न ही किसी अन्य के खिलाफ कुछ कहना चाहता हूं। हमारा कर्तव्य तटस्थ रहना है।
इसी बीच डीपीएपी ने श्रीनगर के लिए अपने जिला अध्यक्ष आमिर भट को श्रीनगर लोकसभा क्षेत्र से मैदान में उतारने की घोषणा की है। भट की उम्मीदवारी की घोषणा आजाद की अध्यक्षता में हुई एक बैठक के बाद की गई। इससे पहले डीपीएपी ने दक्षिण कश्मीर की अनंतनाग-राजोरी सीट के लिए मोहम्मद सलीम पर्रा को चुनाव मैदान में उतारा है, जबकि बारामुला सीट के लिए उम्मीदवार की घोषणा नहीं की है।