कच्ची छावनी जम्मू स्थित भाजपा कार्यालय में शनिवार को बैसाखी मिलन समारोह में शामिल पूर्व केंद्री
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। पूर्व केंद्रीय मंत्री सैयद शाहनवाज हुसैन ने कहा कि अनुच्छेद 370 दफन हो चुका है और अब वह वापस नहीं आएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश के साथ जम्मू-कश्मीर के विकास को गति मिली है। लोगों तक बुनियादी सुविधाओं का विस्तार हुआ है। देशवासी भाजपा के साथ खड़े हैं। शाहनवाज शनिवार की शाम को कच्ची छावनी जम्मू स्थित भाजपा कार्यालय में एक बैसाखी मिलन कार्यक्रम में बोल रहे थे। शाहनवाज ने जम्मू-कश्मीर के लोगों को बैसाखी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मोदी सरकार सभी वर्गों को सशक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। मुस्लिम समुदाय का सरकार की नीतियों के प्रति विश्वास बढ़ा है। अनुच्छेद 370 के निरस्त होने के बाद जम्मू कश्मीर में नई सुबह की शुरुआत हुई है। आज यहां उद्योग, शिक्षा, स्वास्थ्य सहित अन्य महत्वपूर्ण क्षेत्रों को बढ़ावा मिला है। इस दौरान पूर्व मंत्री ने भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर चुनावी चर्चा की। उनसे मुस्लिम समुदाय के लोग भी मिले। भाजपा जिला अध्यक्ष प्रमोद कपाही ने कहा कि मोदी सरकार ने कमजोर वर्गों के उत्थान और कल्याण के लिए काम किया है। इस शासनकाल में भारत में भूतपूर्व विकास हुआ है। इस दौरान पूर्व मंत्री सत शर्मा, प्रिया सेठी, सुहेल काजमी, जिला महासचिव एडवोकेट राजेश गुप्ता, कुलदीप कंधारी आदि मौजूद रहे।