- 2014 में उधमपुर सीट पर भाजपा नेता डॉ. जितेंद्र सिंह से हारने के बाद गुलाम नबी पहली बार लोस चुनाव के मैदान में
- डीपीएपी नेता ताज मोहिउद्दीन ने कहा, डीपीएपी की कोर कमेटी की बैठक में तय हुई उम्मीदवारी
अमर उजाला ब्यूरो
श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री और डेमोक्रेटिक प्रोग्रेसिव आजाद पार्टी (डीपीएपी) के अध्यक्ष गुलाम नबी आजाद अनंतनाग-राजोरी सीट से लोकसभा चुनाव लड़ेंगे।
डीपीएपी के कोषाध्यक्ष और पूर्व मंत्री ताज मोहिउद्दीन ने मंगलवार को यहां एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया पार्टी की कोर कमेटी ने बैठक में अनंतनाग-राजोरी सीट पर गुलाम नबी आजाद को उम्मीदवार के रूप में मैदान में उतारने का फैसला किया गया। बता दें कि 2014 में उधमपुर संसदीय सीट पर भाजपा नेता डॉ. जितेंद्र सिंह के हाथों पराजित होने के बाद आजाद का यह पहला लोकसभा चुनाव होगा।
मोहिउद्दीन ने अल्ताफ बुखारी के नेतृत्व वाली अपनी पार्टी के साथ गठबंधन की संभावना पर कहा कि इस मोर्चे पर कोई प्रगति नहीं हुई है। हमारे पास समय की कमी है, इसलिए बेहतर होगा कि वे अपना काम करें और हम अपना काम करें। बुखारी को अनंतनाग सीट में कोई दिलचस्पी नहीं थी। मोहिउद्दीन ने कहा कि कश्मीर की अन्य लोकसभा सीटों के लिए उम्मीदवारों का फैसला उचित समय पर किया जाएगा। मालूम हो कि डीपीएपी ने इसके अलावा अभी तक उधमपुर सीट से जीएम सरूरी की उम्मीदवारी की ही घोषणा की है।
-
भाजपा के पत्ते खुलने बाकी
गौरतलब है कि 19 अप्रैल से शुरू होने वाले सात चरण के लोकसभा चुनावों के लिए अभी तक केवल दो पार्टियों ने अनंतनाग-राजोरी सीट से अपने उम्मीदवारों की घोषणा की है। सोमवार को नेशनल कॉन्फ्रेंस ने घोषणा की कि पूर्व मंत्री और कंगन से पूर्व विधायक मियां अल्ताफ इस निर्वाचन क्षेत्र से पार्टी के उम्मीदवार होंगे। अभी भाजपा के पत्ते खुलने बाकी हैं।