श्रीनगर। पीपुल्स कॉन्फ्रेंस के प्रमुख सज्जाद लोन ने शुक्रवार को कहा कि जम्मू-कश्मीर को राज्य का दर्जा देने में देरी करना केंद्र शासित प्रदेश के लोगों के साथ अन्याय है। उत्तरी कश्मीर के हंदवाड़ा से विधायक लोन ने सुरक्षा से संबंधित सभी बैठकों में मुख्यमंत्री को शामिल करने का आह्वान किया। लोन ने एक्स पर लिखा, हमारे बीच जो भी राजनीतिक मतभेद हैं, उन्हें दरकिनार करते हुए केंद्र सरकार को कुछ मुद्दों पर तेजी से आगे बढ़ने की जरूरत है। राज्य का दर्जा हमारा अधिकार है, न कि दान, जिस पर केंद्र सरकार विचार करेगी। लोन ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने राज्य के दर्जे पर याचिका का निपटारा करते हुए एक सवाल अनुत्तरित छोड़ दिया है। क्या किसी राज्य को केंद्र शासित प्रदेश में शामिल करना कानून के दायरे में था या कानून के दायरे से बाहर था। उन्होंने इस सवाल का जवाब क्यों नहीं दिया। यूटी का दर्जा सरकार को महत्वपूर्ण मुद्दों से बाहर रखने के बहाने के रूप में इस्तेमाल नहीं किया जाना चाहिए। सीएम को सभी विचार-विमर्श का हिस्सा होना चाहिए। सीएम को बाहर रखना पूरे चुनावी अभ्यास को अपमानित करने के समान है। संवाद