श्रीनगर। सांसद इंजीनियर रशीद ने शुक्रवार को दरबार मूव की बहाली की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। आवामी इत्तेहाद पार्टी (एआईपी) प्रमुख रशीद ने नागरिक सचिवालय के पास पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ प्रदर्शन किया। प्रेसवार्ता में रशीद ने कहा कि दरबार मूव जम्मू और कश्मीर में हर साल होता था, लेकिन पिछले कुछ सालों से हमारी राजधानी न तो श्रीनगर है और न ही जम्मू। हम प्रदर्शन के हवाले से उमर सरकार को याद दिलाना चाहते हैं कि उन्होंने वादा किया था कि सरकार बनाते ही दरबार मूव की रिवायत को बहाल किया जाएगा। उन्होंने कहा, हमारी अवाम को यह पता नहीं कि उन्हें श्रीनगर जाना है या जम्मू। लोगों के मसलों का कोई हल नहीं, लोग परेशान हैं कि उनकी फाइलें जम्मू में हैं या श्रीनगर में। या तो दरबार मूव बहाल किया जाए या श्रीनगर को स्थायी राजधानी बनाया जाए। ब्यूरो