नेशनल कॉन्फ्रेंस ने भाजपा के साथ बातचीत का किया खंडन, एक्स यूजर्स ने नेकां को किया ट्रोल
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू, श्रीनगर। विधानसभा चुनाव के नतीजे आने में अभी दो दिन शेष हैं, लेकिन राजनीतिक दलों ने अपने-अपने संभावित समीकरण बिठाने शुरू कर दिए हैं। कोई चुनाव पूर्व गठबंधन होने के बावजूद नए साथियों की तलाश में है, तो कोई नए गठबंधन की पटकथा लिख रहा है। पर्दे के पीछे चल रहे इन घटनाक्रम की चर्चाओं से राजनीति का बाजार गर्म है। भाजपा और नेशनल कॉन्फ्रेंस के बीच बैक डोर चर्चा की बात जब सामने आई तो नेकां को इसका जवाब देने पड़ा। पार्टी ने अपने एक्स हैंडल से ट्वीट कर इन चर्चाओं का खंडन किया, लेकिन सोशल मीडिया यूजर नेकां की चुटकी लेने का कोई मौका नहीं छोड़ रहे और इस तरह की चर्चाओं को सच मान उन्हें नेकां की फितरत बता रहे हैं।
विधानसभा चुनाव से पहले नेकां और कांग्रेस ने गठबंधन किया है। नेकां ने 51 तो कांग्रेस ने 32 सीटों पर चुनाव लड़ा। पांच सीटों पर दोनों पार्टियों ने अपने-अपने उम्मीदवार उतारे। उसके बाद से ही इस गठबंधन पर प्रश्न उठ रहे थे। चुनाव प्रचार के दौरान दोनों दलों के नेताओं का एक-एक दूसरे के लिए प्रचार न करने व बयानबाजी करने जैसी घटनाओं ने विपक्षी दल विशेषकर भाजपा को गठबंधन पर प्रश्न करने का मौका दिया। अब नेकां और भाजपा के बीच सरकार बनाने को लेकर चर्चाओं पर लोगों ने नेकां को एक बार फिर कठघरे में खड़ा किया है। नेकां के खंडन करने से पहले ही महबूबा मुफ्ती की बेटी इल्तिजा मुफ्ती के ट्वीट ने इन चर्चाओं को और ज्यादा हवा दी है। उन्होंने लिखा कि नतीजे भले ही आठ अक्तूबर को आएं, लेकिन शतरंज शुरू हो चुकी है। लोग भी सोशल मीडिया पर नेकां के खंडन को गंभीरता से नहीं ले रहे हैं। उनका कहना है नेकां का ऐसा करने का इतिहास रहा है। आमीर राशि द नाम के यूजर ने लिखा कि नेकां पर विश्वास नहीं है। एक अन्य यूजर ने लिखा है कि ये आपके लिए कोई बड़ी बात नहीं, नेकां का विश्वासघात का इतिहास रहा है। डॉ. समीर खान नाम के यूजर ने लिखा कि अगर ऐसा नहीं है तो नेशनल कॉन्फ्रेंस के महासचिव ने जम्मू में भाजपा के वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात क्याें की। उनके बीच क्या चर्चा हुई। कब तक आप लोगों से सच्चाई छिपाते रहेंगे। अब इसे बंद करो, बंद कमरे में गठबंधन नहीं चलेगा। दूसरों को प्रॉक्सी कहने वाले खुद असल में प्रॉक्सी थे और रहेंगे। एक अन्य यूजर बोले आपकी फितरत है, आप कर सकते हैं। एक यूजर ने लिखा कि तब आपको पीडीपी के पदचिह्नों पर चलने वाले के रूप में याद किया जाएगा। श्रीनगर के पूर्व मेयर जुनैद अजिम मट्टू ने एक्स पर लिखा कि ऐसा लगाता है, यह महज संयोग था कि भाजपा के दूत और नेकां प्रमुख एक ही दिन और एक ही समय पहलगाम में थे। नेकां के उपाध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने पूरे घटनाक्रम पर अपनी कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है।
....................................
वे अपने आकाओं से मिलने जा रहे, लोगों से ठगी हुई: लोन
विधानसभा चुनाव के नतीजे आने से पहले जम्मू-कश्मीर पीपुल्स कॉन्फ्रेंस (पीसी) के अध्यक्ष सज्जाद गनी लोन ने कुछ नेताओं के दिल्ली जाने पर चिंता व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि वे अपने आकाओं से मिलने जा रहे हैं। लोन ने एक्स पर एक पोस्ट किया कि लोगों ने कैसी ठगी झेली है। सूत्रों के अनुसार, वीरवार को कुछ प्रमुख राजनीतिक हस्तियां दिल्ली के लिए रवाना हुईं। यह हरकत कई प्रश्न उठाती है। उंगली उठने पर नेकां ने जनता से इन झूठे दावों को नजरअंदाज करने और अफवाह फैलाने वालों से दूर रहने का आग्रह किया है।