नेकां प्रमुख ने साधा निशाना- लद्दाख और अरुणाचल प्रदेश में चीन की घुसपैठ पर केंद्र चुप क्यों
- कहा - देश में संविधान की सुरक्षा के लिए इंडिया गठबंधन का गठन हुआ
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। नेशनल कॉन्फ्रेंस (नेकां) अध्यक्ष डाॅ. फारूक अब्दुल्ला ने कहा कि भाजपा देश में रूस और चीन जैसा शासन लाना चाहती है। देश में संविधान की सुरक्षा के लिए इंडिया गठबंधन आगे आया है। इसके लिए हम हर कुर्बानी देंगे।
उन्होंने 1970 के दशक में श्रीलंका को सौंपे गए कच्चाथीवू द्वीप के मुद्दे पर केंद्र पर निशाना साधा और पूछा कि भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार लद्दाख में चीन की लगातार घुसपैठ और अरुणाचल प्रदेश में भूमि पर उसके दावों पर चुप क्यों है।
जिला निर्वाचन अधिकारी जम्मू के कार्यालय में मंगलवार को जम्मू लोकसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी रमण भल्ला के साथ नामांकन भरने पहुंचे डाॅ. फारूक ने कहा कि इंडिया गठबंधन का गठन संविधान की रक्षा के लिए किया गया है, क्योंकि ऐसी आशंका है कि देश में संविधान समाप्त हो जाएगा। भारत में वही हो रहा है जो रूसी राष्ट्रपति पुतिन और चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग का हाल है, क्योंकि वे जीवन भर (बिना किसी विपक्ष के) देश पर शासन करना चाहते हैं और ऐसे ही भाजपा प्रयास कर रही है। लेकिन भारत ऐसा नहीं होने देगा और बीआर आंबेडकर द्वारा बनाए गए संविधान की रक्षा करेगा। हम इस संविधान को खत्म नहीं होने देंगे। चीन के पास हमारी कितनी जमीन है, केंद्र सरकार इस बारे में बात क्यों नहीं कर रही। चीन ने हमारी हजारों किलोमीटर जमीन हड़प ली है। हमने इस मुद्दे को संसद में उठाया, लेकिन कोई उचित जवाब नहीं दिया गया। भारत और चीन के बीच 18 से 19 दौर की वार्ता हो चुकी है, लेकिन इन वार्ताओं का नतीजा क्या निकला। क्योंकि चीन लगातार आगे बढ़ रहा है। यहां तक कि उसने विभिन्न स्थानों का नाम बदलना भी शुरू कर दिया है, जिन पर वे अपना हिस्सा होने का दावा कर रहे हैं। बेहतर होगा कि हम श्रीलंका छोड़ें और अपनी धरती लद्दाख की भूमि की बात करें। नेकां द्वारा अनंतनाग-राजोरी सीट से अपना उम्मीदवार घोषित करने पर पीडीपी के निराश होने के सवाल पर डाॅ. फारूक ने कहा कि आपको किसने बताया कि वे निराश हैं? क्या आपने महबूबा मुफ्ती को दिल्ली में सुना है? फारूक अब्दुल्ला, उमर अब्दुल्ला और महबूबा मुफ्ती एकजुट खड़े हैं। जब उनसे पूछा गया कि नेकां उम्मीदवार मियां अल्ताफ के खिलाफ पीडीपी अपना उम्मीदवार खड़ा कर सकती है, इस पर डाॅ. फारूक ने कहा कि यह एक स्वतंत्र देश है और कोई भी चुनाव लड़ सकता है। फारूक को इसका कोई डर नहीं। इंडिया गठबंधन को भी कोई डर नहीं है। हम मजबूत हैं और इस गठबंधन को कोई नहीं तोड़ सकता है। नेकां ने कांग्रेस को समर्थन किया है।