कांशीराम के परिनिर्वाण दिवस पर संगठन में कमियों को दूर करने पर होगा मंथन
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। प्रदेश में बसपा अपनी जमीन तैयार करने की कोशिश कर रही है। इसके लिए नौ अक्तूबर को बसपा के संस्थापक कांशीराम के परिनिर्वाण दिवस पर आरएस पुरा में होने वाले कार्यक्रम में बड़ी संख्या में प्रदेश भर से बसपा कार्यकर्ताओं और संगठन के पदाधिकारियों की भीड़ जुटाई जाएगी। इसमें संगठन को मजबूत करने व धरातल पर कमियों को दूर करने पर मंथन किया जाएगा। बसपा के प्रदेश अध्यक्ष दर्शन राणा ने कहा कि परिनिर्वाण दिवस के बाद पूरे प्रदेश में बसपा अपना कुनबा बढ़ाने के लिए सदस्यता अभियान चलाएगी। आगामी चुनाव में पार्टी मजबूती से उभर कर आएगी। इसी दिन लखनऊ में भी बसपा सुप्रीमो मायावती बड़ी रैली कर रही हैं। बसपा की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने व कार्यक्रम का संदेश लेकर पहुंचने वाले 40 हजार से अधिक कार्यकर्ता और 13 हजार से अधिक संगठन के पदाधिकारी कांशीराम की विचारधारा को आत्मसात कर समतामूलक समाज की स्थापना का संकल्प लेंगे।