-पार्टी के नई दिल्ली मुख्यालय में जुटेंगें सभी दिग्गज
एजेंसी/ब्यूरो
नई दिल्ली/जम्मू। भारतीय जनता पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक रविवार को नई दिल्ली स्थित पार्टी मुख्यालय में होगी। इस दौरान जम्मू-कश्मीर में विधानसभा चुनावों के लिए पार्टी के उम्मीदवार तय किए जाएंगे। नामों की सूची भी जारी की जा सकती है। इस बैठक में पार्टी के सभी शीर्ष नेताओं के शामिल होने की संभावना है।
चुनाव आयोग ने जम्मू-कश्मीर में विधानसभा चुनाव के पहले चरण के लिए अधिसूचना जारी कर दी है। पहले चरण में 18 सितंबर को 24 सीटों पर मतदान होगा। केंद्र शासित प्रदेश में तीन चरणों में चुनाव होंगे।
जम्मू-कश्मीर में प्रथम चरण के नामांकन की प्रक्रिया 20 अगस्त से शुरू हो चुकी है। अब तक 13 उम्मीदवार नामांकन दाखिल कर चुके हैं। इस चरण में नामांकन की अंतिम तिथि 27 अगस्त है। शनिवार,रविवार व सोमवार को नामांकन नहीं होगे। ऐसे में सभी राजनीतिक दलों के पास अंतिम दिन ही पर्चे दाखिल करने का मौका है। भाजपा, कांग्रेस-नेकां में प्रत्याशियों के नाम तय करने के लिए बैठकों का दौर जारी है।
-
हरियाणा पर भी होगी चर्चा
दिल्ली में रविवार को होने वाली बैठक में हरियाणा चुनाव के लिए भी भाजपा उम्मीदवारों के नाम पर चर्चा होगी। हालांकि भाजपा ने सूची को अंतिम रूप देने के लिए गुरुग्राम में दो दिवसीय विचार-मंथन सत्र आयोजित किया। 90 विधानसभा सीटों वाले हरियाणा में एक चरण में चुनाव एक अक्तूबर को होंगे। वोटों की गिनती चार अक्तूबर को होगी। माना जा रहा है कि भाजपा की हरियाणा इकाई ने विधानसभा के लिए 300 से अधिक उम्मीदवारों की सूची तैयार कर ली है। यह सूची केंद्रीय चुनाव समिति के सामने पेश की जाएगी। कुछ निर्वाचन क्षेत्रों में दो या तीन नाम होते हैं, जबकि कुछ में पांच नाम तक होते हैं।