कुलगाम। पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) की अध्यक्ष एवं अनंतनाग-राजोरी सीट से उम्मीदवार महबूबा मुफ्ती ने बुधवार को कुलगाम जिले के कुंड इलाके से अपने चुनाव प्रचार अभियान का आगाज किया। कुंड में एक जनसभा के दौरान महबूबा मुफ्ती ने कहा कि उन्होंने यहां जबरन चुप्पी, बेवजह की गिरफ्तारियों और घुटन के माहौल के खिलाफ आवाज बुलंद की है। जैसे गुज्जर-बकरवाल कश्मीर से निकल चुके हैं, अब कश्मीरियों को उनकी जमीनों से बेदखल किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि दक्षिण कश्मीर ने हमेशा हमारा साथ दिया है और मैंने अपना अभियान यहीं से शुरू किया है। उम्मीद है कि लोग हमारी आवाज को सफल बनाएंगे। महबूबा ने कहा कि पूरे कश्मीर को जेल में बदल दिया गया है। किसी को भी बात करने की इजाजत नहीं है। जब से चुनाव की घोषणा हुई है, तब से गिरफ्तारियों का सिलसिला शुरू हो गया है। बता दें कि अनंतनाग-राजोरी सीट पर तीसरे चरण में सात मई को मतदान होगा। संवाद