अनंतनाग। पीडीपी प्रमुख महबूबा मुफ्ती ने पाकिस्तानी प्रधानमंत्री के सुर में सुर मिलाते हुए एक बार फिर जम्मू-कश्मीर के मुद्दे को सुलझाने के लिए पाकिस्तान से बातचीत की वकालत की। कहा कि अगर पाकिस्तान के पीएम ने मसले को हल करने और दोनों देशों के रिश्तों को सुधारने के लिए बातचीत की जरूरत बताई है तो यह सही है। जैसे पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के समय दोनों देशों ने बैठकर बात की थी वैसे ही दोनों देश जम्मू-कश्मीर मसले का हल निकालें तो यह देश के लिए भी अच्छा होगा।
एक कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों से उन्होंने कहा कि कश्मीर को जेल में तब्दील कर दिया गया है। युवाओं को देश की अन्य जेलों में बंद किया गया है। आए दिन यहां एनकाउंटर होते हैं। सैकड़ों लोगों व युवाओं का खून बह चुका है। कश्मीर मुद्दे को सुलझाना बहुत जरूरी है। अगर पाकिस्तान के प्रधानमंत्री कश्मीर मुद्दे को सुलझाना चाहते हैं और उन्होंने भारत-पाकिस्तान के बीच संबंध सुधारने की बात भी की है तो यह एक स्वागत योग्य कदम है। इससे दोनों देश रक्षा पर जो पैसा खर्च करते हैं उसका इस्तेमाल विकास के लिए किया जा सकता है। हम जीडीपी के मामले में बांग्लादेश से पीछे हैं। ऐसे ही हालात पाकिस्तान के हैं। बाढ़ -के चलते पाकिस्तान और पीछे चला गया है।