आरएस पुरा। कांग्रेस पार्टी ने जम्मू-कश्मीर को पूर्ण राज्य देकर चुनाव कराने की मांग की है। आरएस पुरा में प्रेसवार्ता में कांग्रेस नेता करण भगत ने कहा कि लोकतंत्र की बहाली के लिए जल्द से जल्द चुनाव भी कराए जाएं। उन्होंने भाजपा को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि सरकार पांच अगस्त को 370 हटने का एक साल पूरा होने पर जश्न मनाने की तैयारी कर रही है। कांग्रेस भाजपा सरकार से पूछती है कि 370 हटाने के बाद जम्मू-कश्मीर की जनता को क्या दिया। एक साल से इंटरनेट सेवा ठप है। बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। इसके विरोध में पार्टी की तरफ से पांच अगस्त को काला दिवस मनाया जाएगा। सरकार ने दावा किया था कि 370 हटने के बाद कई उद्योग लगेंगे और युवाओं को रोजगार मिलेंगे। ऐसा कुछ नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि भाजपा अब चुनाव लड़ने से पीछे हट रही है। क्योंकि उन्हें पता है कि उनकी चुनाव में करारी हार होने वाली है। प्रेसवार्ता में जवाहर सिंह, जसमीत सिंह, अंकुश कुमार आदि मौजूद रहे। संवाद