जम्मू। परिसीमन आयोग की रिपोर्ट के तहत मतदाता सूचियों में संशोधन के तहत जम्मू जिले में 60 हजार से ज्यादा मतदाताओं की बढ़ोतरी हुई है। 25 अक्तूबर को बूथ स्तर के अधिकारियों द्वारा घर घर जाकर या शिविर लगातार मतदाता सूचियों में संशोधन की प्रक्रिया खत्म हो चुकी है। हालांकि चुनाव विभाग की तरफ से दावों व आपत्तियों के निपटान की प्रक्रिया को दस नवंबर 2022 तक पूरा किया जाएगा।
आधिकारिक सूत्रों के अनुुुसार जम्मू जिले में दस लाख 43 हजार 293 मतदाता थे। मतदाता सूचियों में संशोधन के बाद एक लाख 29 हजार 603 मतदाताओं की बढ़ोतरी हुई है। लेकिन 55 हजार के करीब मतदाताओं के नाम पुरानी सूचियों से हटे भी हैं।
जिला चुनाव अधिकारी के कार्यालय में नायब तहसीलदार चुनाव नीकू राम के अनुसार बूथ स्तर के अधिकारी मुख्य चुनाव अधिकारी के कार्यालय से मिली निर्देशावली के अनुसार अपना काम पूरा कर चुके हैं। अब मतदाता सूचियों के सारांश के कार्य में कुछ दिन का विस्तार मिलता है या नहीं। इसका अभी आदेश आना बाकी है।
मतदाता सूचियों के संशोधन अब अगले चरण में दस नवंबर तक दावों व आपत्तियों का निराकरण किया जाएगा और 25 नवंबर 2022 को अंतिम मतदाता सूचियों का प्रकाशन होना है।