जम्मू। कई राजनीतिक दलों के नेता जम्मू कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री गुलाम नबी आजाद की डेमोक्रेटिक आजाद पार्टी (डीएपी) में शामिल हुए हैं। उन्होंने डीएपी को मजबूत बनाने का भरोसा दिलाया। जम्मू स्थित आवास पर आजाद से सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी मुलाकात की। डीएपी में शामिल होने वालों में मोहेंद्र सिंह चिब, सुखदेव सिंह, सिकंदर सिंह, राजकुमार, रोहित शर्मा, तरसेम लाल आदि हैं। इस दौरान आरएस चिब, असलम गोनी, विनोद मिश्रा आदि मौजूद रहे।
डेमोक्रेटिक आजाद पार्टी के चेयरमैन गुलाम नबी आजाद ने कहा कि अस्थायी कर्मियों के मुद्दों को लेकर उनकी पार्टी का समर्थन जारी रहेगा। प्रदेश के विभिन्न विभागों में डेढ़ लाख से अधिक विभिन्न अस्थायी कर्मचारी अपने हितों के लिए संघर्ष कर रहे हैं। जम्मू कश्मीर को पूर्ण राज्य का दर्जा बहाल करने, स्थानीय लोगों को भूमि और नौकरियों को अधिकार सुरक्षित रखने के मुद्दों पर पार्टी अपना संघर्ष जारी रखेगी।
आजाद ने कहा कि जम्मू कश्मीर में विकास, बेरोजगारी और अस्थायी कर्मियों की परेशानी सहित अन्य कई मुद्दे हैं। उन्होंने दावा किया कि उनके कार्यकाल में जम्मू कश्मीर में डबल शिफ्ट में विकास कार्यों को किया गया था। उन्होंने पार्टी के नाम पर कहा कि अब हमने चार नाम आयोग को पंजीकरण के लिए भेजे हैं, जिसमें फाइनल नाम को सार्वजनिक किया जाएगा। पार्टी के साथ कई नए चेहरे जुड़ रहे हैं।