जम्मू। जम्मू-कश्मीर में अगली सरकार भाजपा की होगी और पूर्ण बहुमत से बनेगी। यह बातें भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष रवींद्र रैना ने हिमाचल प्रदेश से चुनाव प्रचार कर लौटे नेताओं व मंडल अध्यक्षों से बैठक में कहीं।
उन्होंने कहा भाजपा 24 घंटें काम करने वाला दल है। निष्ठावान नेताओं व कार्यकर्ताओं की बदौलत जम्मू-कश्मीर के सभी जिलों में भाजपा जमीनी स्तर पर अपनी पकड़ मजबूत बना चुकी है। उन्होंने नेताओं व कार्यकर्ताओं से हर क्षेत्र में जनहित व देशहित में काम करने की अपील की। महासचिव संगठन अशोक कौल ने मंडल अध्यक्षों से कहा कि वह संबंधित मंडलों को मजबूत करने के लिए पार्टी का प्रत्येक कार्यक्रम आयोजित करें।
उन्होंने कहा भाजपा से लोगों को बड़ी उम्मीदें हैं। सांसद जुगल किशोर शर्मा ने कहा कि लोगों ने क्षेत्रीय पार्टियों को नकार दिया है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा पर जम्मू-कश्मीर के लोग विश्वास जता रहे हैं। प्रधानमंत्री ने प्रदेश में तेज गति से विकास को सुनिश्चित करने के अलावा जन कल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रदेश के कोने-कोने तक पहुंचाया है। इस अवसर पर राज्यसभा सांसद इंजीनियर गुलाम अली खटाना, पूर्व सांसद शमशेर सिंह मन्हास, पूर्व मंत्री सत शर्मा, पूर्व एमएलसी अशोक खजूरिया, महासचिव एडवोकेट विबोध गुप्ता आदि मौजूद रहे।