सांबा। कस्बे के नगर परिषद अध्यक्ष की कुर्सी दो सप्ताह से खाली पड़ी है। परिषद के 9 असंतुष्ट पार्षदों ने अध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाकर फ्लोर टेस्ट कराने की मांग उठाई थी। असंतुष्ट पार्षद महेश्वर राज ने कहा कि फ्लोर टेस्ट के लिए उपाध्यक्ष पहले सभी पार्षदों की बैठक बुला कर उसमें निर्णय लेंगी, लेकिन एक सप्ताह गुजर जाने के उपरांत भी पार्षदों की बैठक नहीं बुलाई गई है। इसको लेकर गत दिवस असंतुष्ट 9 पार्षद नगर परिषद के ईओ अमित चौधरी से मिले। उन्हें बताया कि आज तक क्यों बैठक नहीं बुलाई गई है।
ईओ ने उन्हें भरोसा दिलाया कि दस दिन के भीतर यदि बैठक नहीं बुलाई गई, तो उनके पास भी तीन दिन हैं, वह बैठक बुलाएंगे। महेश्वर राज ने कहा कि उन्होंने अधिकारियों को कहा है कि विकास कार्य नहीं रुकने चाहिए। लोगों के काम भी किए जाएं। ताकि आम लोग अध्यक्ष की खाली पड़ी कुर्सी से परेशान न हों।
गौरतलब है कि 17 पार्षदों वाली नगर परिषद के अध्यक्ष के खिलाफ 9 पार्षदों ने अविश्वास प्रस्ताव लाकर फ्लोर टेस्ट की मांग उठाई थी, लेकिन कोई बात सिरे नहीं चढ़ते देख पार्षद कोर्ट में भी पहुंच गए थे। अब दस दिन का समय दिया गया है। इसको लेकर असंतुष्ट पार्षदों ने अपनी गतिविधियां तेज कर दी हैं।