श्रीनगर। पूर्व मुख्यमंत्री एवं पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) की अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती ने देश भर में मुसलमानों को निशाना बनाने को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि भाजपा नेता मुसलमानों से सब कुछ छीनने में एक-दूसरे से आगे निकल रहे हैं। मामले पर महबूबा ने बहुसंख्यक समुदाय की चुप्पी को चिंताजनक करार दिया है।
महबूबा मुफ्ती ने अपने ट्वीट में लिखा है कि भाजपा जिस प्रतिशोध से भारत के संविधान को ठेस पहुंचा रही है, वह अब अल्पसंख्यकों के घरों तक पहुंच गई है। भाजपा नेता मुसलमानों से सब कुछ छीनने में एक-दूसरे से आगे निकल रहे हैं, चाहे वह उनका घर हो, आजीविका या सम्मान।
एक अन्य ट्वीट में महबूबा ने लिखा कि कश्मीरी मुसलमान के रूप में हम पर अक्सर मूक दर्शक होने का आरोप लगाया जाता है, जब कश्मीरी पंडितों को भागने के लिए मजबूर किया गया था, लेकिन आज जब भाजपा भारत के विचार को ही खत्म कर रही है, बहुसंख्यक समुदाय की चुप्पी बेहद चिंताजनक है। ब्यूरो