जम्मू। छन्नी हिम्मत सेक्टर-3 में मंगलवार सुबह सैर कर रही एक महिला के गले से सोने की चेन झपटने के मामले में पुलिस के हाथ अभी तक खाली हैं। वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद होने के बावजूद पुलिस आरोपियों की पहचान करने में विफल रही है। हालांकि, पुलिस जगह-जगह दबिश देने का दावा कर रही है, लेकिन आरोपी कौन हैं और कहां के हैं, इसका कोई सुराग नहीं लग पाया है। मंगलवार सुबह करीब सात बजे सुधा खजूरिया तीन अन्य महिलाओं के साथ सैर कर रही थीं। तभी बिना नंबर प्लेट की बाइक पर आए दो नकाबपोश बदमाशों ने इस वारदात को अंजाम दिया। एक बदमाश कुछ दूर पहले ही बाइक से उतरा और पैदल महिलाओं के पीछे चलने लगा, जबकि दूसरा बाइक लेकर कुछ आगे खड़ा रहा। मौका पाकर पैदल चल रहे बदमाश ने सुधा के गले से चेन झपटी और आगे खड़े साथी की बाइक पर बैठकर फरार हो गया। ब्यूरो