चौकी चौरा के गांव मकड़ा में गला काटकर हत्या का मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
अखनूर। चौकी चौरा क्षेत्र के गांव मकड़ा में बुधवार को हुई पेंटर मुमताज अंसारी पुत्र रजा दीन अंसारी निवासी गोरखपुर (यूपी) की हत्या की कहानी वीरवार को जांच के बाद बदल गई। पुलिस ने दावा किया है कि उसे उसके छोटे भाई ने नहीं, बल्कि पास की ही झोपड़ी में रहने वाले तीन लोगों ने मारा है। इसमें छोटे भाई एजाज अंसारी और उसकी भाभी का कोई दोष नहीं।
अखनूर के एसएचओ जाहिर मुश्ताक के अनुसार बुधवार को हुई घटना के बाद मामले में छापे मारकर 12 आरोपियों को हिरासत में लिया गया था। इनसे पूछताछ की गई तो इनमें से तीन ने मुमताज की हत्या में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। इसके बाद पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रवि कुमार व दविंदर कुमार दोनों निवासी बंगाण तहसील देवी नगर जिला पुनाह (मध्य प्रदेश) और पवन कुमार निवासी बजोली पौनी रियासी के रूप में हुई है। आरोपी रवि कुमार से चाकू भी बरामद किया गया है, जिससे कथित तौर पर मुमताज का गला काटा गया।
पुलिस का कहना है कि ये तीनों आरोपी मुमताज के पास वाली एक झोपड़ी में रहते थे। इसका मालिक सुरेश कुमार पुत्र मिलन राज निवासी मकड़ा है। उस पर किरायेदार सत्यापन के संबंध में डीएम के आदेश का उल्लंघन करने का भी मामला दर्ज किया गया है।