बिश्नाह। क्षेत्र में शनिवार को पुलिस-पब्लिक बैठक का आयोजन किया गया। इसमें एसपी हेडक्वार्टर इरशाद राथर, एसडीपीओ आरएस पुरा निखिल गोगना तथा बिश्नाह थाना प्रभारी आबिद बुखारी विशेष तौर पर मौजूद रहे।
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने एसपी हेड क्वार्टर को बिश्नाह क्षेत्र में तेजी से बढ़ रहे नशे की जानकारी दी और इस पर लगाम लगाने को कहा। युवाओं ने पुलिस प्रशासन से युवाओं को खेलकूद की तरफ प्रोत्साहित करने के लिए क्षेत्र में खेल के मैदान तथा खेलों से संबंधित सामान उपलब्ध करवाने की अपील की। स्थानीय लोगों ने बिश्नाह थाने में पुलिस कर्मचारियों की कमी का मुद्दा उठाते हुए संख्या बढ़ाने की मांग की। कार्यक्रम में उपस्थित एसपी हेडक्वार्टर इरशाद राथर ने लोगों के सभी सुझावों और मांगों को ध्यान से सुना और हल करने का आश्वासन दिया।
उन्होंने कहा, पुलिस प्रशासन क्षेत्र में बहुत अच्छा कार्य कर रहा है। पुलिस क्षेत्र में नशे को जड़ से खत्म करने के साथ-साथ नशा तस्करों को भी पकड़ कर सलाखों के पीछे डाल रही है। उन्होंने क्षेत्र के लोगों से पुलिस प्रशासन का सहयोग करने की अपील की। कहा कि नशे के कारोबार में लिप्त लोगों की पुलिस को जानकारी दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह से गुप्त रखी जाएगी। साथ ही जो लोग नशे के आदी हो चुके हैं, उन्हें पुलिस द्वारा चलाए जा रहे नशा मुक्ति केंद्र में लाने के लिए सहयोग करें। उन्होंने कहा कि बिश्नाह थाने में पुलिस कर्मियों की कमी को भी दूर करने का प्रयास किया जा रहा है।
कार्यक्रम में भाजपा के वरिष्ठ नेता पंडित नारायण दत्त शर्मा, राजीव शर्मा, जय भारती, अनिल गुप्ता, कांग्रेस नेता भारत भूषण, रमेश चंद्र, आम आदमी पार्टी नेता प्रेमपाल डोगरा, समाज सेवक मोहनलाल संधू, शाम लाहौरिया, नरेश डिगरा, बनी शर्मा, शिवसेना हिंदुस्तान पार्टी युवा प्रदेश अध्यक्ष गणेश चौधरी तथा पूर्व सरपंच विभीषण सिंह सहित कई स्थानीय लोगों ने भाग लिया।