-पुलिस और एसओजी की टीम ने मिलकर बठिंडी में नालों को खंगाला
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। लगातार हो रहे आतंकी हमलों को लेकर हर तरफ दहशत का माहौल है। जरा सी आहट से सनसनी फैल रही है। इसकी आढ़ में कुछ लोग अफवाहें भी फैला रहे हैं। ऐसे में पुलिस का कहना है कि लोग सतर्क रहें और उन्हें सूचित जरूर करें लेकिन अफवाहों से बचें। ध्यान रखें कि इसकी वजह से दहशत न फैले।
वीरवार को शहर में कुछ ऐसा ही हुआ। एक महिला ने कुछ संदिग्ध देखे जाने के बाद कुछ फेसबुक पोर्टल को इंटरव्यू दे दिया। बताया कि दो संदिग्ध व्यक्ति उसकी दुकान पर आए और उससे कुछ सामान मांगने लगे। उनके हाथों में हथियार थे। खबर देखकर पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस के स्पेशल आपरेशन ग्रुप को भी मौके पर बुलाया गया। वेव माॅल और इसके पास बठिंडी में नाले को खंगाला गया। पुलिस ने आसपास कई जगहों पर सीसीटीवी फुटेज भी चेक किया लेकिन बाद में यह सिर्फ अफवाह ही निकली। एसपी साउथ अजय शर्मा का कहा है कि पिछली कुछ वारदातों को बाद पुलिस और अन्य सुरक्षाबल सतर्क हैं। किसी भी जगह से सूचना मिलने के बाद पुलिस तत्काल पहुंच जाती है लेकिन किसी तरह की दहशत न फैलाएं।