अभिभावकों से नाबालिगों को वाहन न चलाने देने की अपील की
अधूरे दस्तावेज, बिना हेल्मेट, ओवरलोडिंग और मोडिफाइड साइलेंसर मिलने पर की कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
अरनिया। अरनिया पुलिस ने बुधवार को पुलिस स्टेशन के बाहर मुख्य मार्ग पर ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वाले पांच वाहन चालकों के चालान काटे। इस मौके पर सब इंस्पेक्टर मोहम्मद इलियास विशेष तौर पर मौजूद थे। पुलिस टीम ने सड़क के दोनों तरफ खड़े होकर वाहनों की चेकिंग की।
पुलिस ने वाहन चालकों के अधूरे दस्तावेज, बिना हेलमेट, ओवरलोडिंग और मोडिफाइड साइलेंसर मिलने पर चालान काटे। पुलिस ने वाहन चालकों को हिदायत दी है कि ट्रैफिक नियमों को मद्देनजर रखते हुए ही वाहन चलाएं। उन्होंने बताया कि आए दिन सड़क हादसों में लोगों की कीमती जानें जा रही हैं। इसका मुख्य कारण यातायात नियमों का उल्लंघन है। उन्होंने कहा कि हेल्मेट पहनकर ही दोपहिया वाहन चलाएं। वहीं दूसरी तरफ मोडिफाइड साइलेंसर लगाने वाले वाहन चालकों को भी हिदायत देते हुए मोडिफाइड साइलेंसर रखने वाले दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई करने की बात कही। इस मौके पर सब इंस्पेक्टर मोहम्मद इलियास ने बताया कि आए दिन यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ ड्राइव चलाई जा रही है। उनके चालान काटे जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि खासकर नाबालिग बच्चों के अभिभावकों से अपील की जाती है कि वह अपने बच्चों को वाहन चलाने की इजाजत न दें।