संवाद न्यूज एजेंसी
विजयपुर। विजयपुर पुलिस ने दो कुख्यात चोरों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी का सामान बरामद कर लिया है।
12 अक्तूबर 2024 को मोहम्मद यासीन पुत्र मोहम्मद यूनुस निवासी शाह तालाब बाड़ी ब्राह्मणा ने रंजरी स्थित निजी स्कूल से एलसीडी और प्रिंटर सहित इलेक्ट्रॉनिक सामान चोरी होने के संबंध में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत पर कार्रवाई करते हुए पुलिस थाना विजयपुर में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। जांच के दौरान विजयपुर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर जहीर मुश्ताक के नेतृत्व में पुलिस स्टेशन विजयपुर की पुलिस पार्टी ने विभिन्न स्थानों के सीसीटीवी फुटेज की जांच और तकनीकी विश्लेषण के साथ-साथ लगातार कड़ी मेहनत के बाद कई संदिग्धों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया। दो संदिग्धों अतुल पटियाल उर्फ कट्टी पुत्र ऋषि राम निवासी पट्टी तहसील विजयपुर जिला सांबा और संजय कुमार उर्फ पिडू उर्फ संजू पुत्र राम लाल निवासी पट्टी तहसील विजयपुर जिला सांबा ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। दोनों के कब्जे से पुलिस ने 77 हजार रुपये की एलसीडी, कैमरा डीवीआर और प्रिंटर सहित चोरी किया गया सामान बरामद किया है।