- जहांगीर चौक से रामबाग और एलडी हॉस्पिटल तुलसी बाग तक अलसुबह 4 से शाम सात बजे तक यातायात रहेगा स्थगित
- गुपकार से रेडियो कश्मीर तक का मार्ग भी आम जनता के लिए रहेगा बंद, अन्य मार्ग खुले रहेंगे
अमर उजाला ब्यूरो
श्रीनगर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली के लिए बख्शी स्टेडियम के साथ पूरा श्रीनगर शहर तिरंगे के रंग में सराबोर हो गया है। रैली को लेकर जहां एक ओर सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं, वहीं आम नागरिकों की सहूलियत के लिए यातायात पुलिस ने विशेष एडवाइजरी जारी की है। ट्रैफिक पुलिस के आईजी भीमसेन टूटी ने कहा कि वीरवार को जहांगीर चौक से रामबाग और राजबाग से लेकर एलडी हॉस्पिटल तुलसी बाग तक अलसुबह चार से शाम सात बजे तक स्थानीय लोगों के लिए यातायात स्थगित रहेगा। आम जनता के लिए एक एक वैकल्पिक रूट प्लान जारी किया जा रहा है और उम्मीद है कि सभी इसका पालन करेंगे।
उन्होंने कहा कि गुपकार से लेकर रेडियो कश्मीर तक का मार्ग आम जनता के लिए बंद रहेगा। इसको वीवीआईपी रूट के लिए इस्तेमाल किया जा रहा है। इन मार्गों को छोड़कर अन्य सभी आम यातायात के लिए खुले रहेंगे। आईजीपी ने कहा कि खास तौर पर उन बच्चों के लिए संदेश है, जो सीबीएसई परीक्षाओं में बैठ रहे हैं, उनके अभिभावकों से अपील है कि बच्चों के साथ रहें और यह सुनिश्चित करें कि उनका आईडी कार्ड और रोल नंबर स्लिप साथ रखें। इसके लिए विशेष तौर पर पुलिसकर्मियों को निर्देश दिए हैं कि वे परीक्षार्थियों के आईडी कार्ड और रोल नंबर देखकर ही आगे जाने दें और जहां कहीं भी दिक्कत आए तो नजदीकी ट्रैफिक असिस्टेंस बूथ से संपर्क करें।
बख्शी स्टेडियम से पीएम प्रदेशवासियों को
करोड़ों रुपये के विकास की देंगे सौगात
श्रीनगर। बख्शी स्टेडियम से पीएम मोदी प्रदेशवासियों को करोड़ों रुपये के विकास कार्यों की सौगात देंगे। इसमें हजरतबल तीर्थ का एकीकृत विकास, श्रीनगर परियोजना भी शामिल है। प्रधानमंत्री देखो अपना देश पीपल्स चॉइस पर्यटन गंतव्य पोल और चलो इंडिया वैश्विक प्रवासी अभियान भी लॉन्च करेंगे। चुनौती आधारित गंतव्य विकास (सीबीडीडी) योजना के अंतर्गत चयनित पर्यटन स्थलों की भी घोषणा करेंगे। विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों के साथ बातचीत भी करेंगे, जिनमें उपलब्धि प्राप्त महिलाएं, लखपति दीदी, किसान, उद्यमी आदि शामिल हैं। जम्मू-कश्मीर की कृषि-अर्थव्यवस्था को पूर्ण रूप से बढ़ावा देने के लिए प्रधानमंत्री समग्र कृषि विकास कार्यक्रम (एचएडीपी) राष्ट्र को समर्पित करेंगे। एचएडीपी एक एकीकृत कार्यक्रम है, जिसमें जम्मू-कश्मीर में कृषि-अर्थव्यवस्था के तीन प्रमुख क्षेत्र अर्थात बागवानी, कृषि और पशुधन पालन में गतिविधियों के पूर्ण परिदृश्य को सम्मिलित किया गया है। इस कार्यक्रम द्वारा समर्पित दक्ष किसान पोर्टल के माध्यम से लगभग 2.5 लाख किसानों को कौशल विकास प्रशिक्षण दिए जाने की आशा है। कार्यक्रम के अंतर्गत लगभग 2000 किसान खिदमत घर स्थापित किए जाएंगे और कृषक समुदाय के कल्याण के लिए मजबूत मूल्य शृंखलाओं की स्थापना की जाएगी। कार्यक्रम से रोजगार सृजन होगा, जिससे जम्मू-कश्मीर के लाखों सीमावर्ती परिवार लाभान्वित होंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का दृष्टिकोण इन स्थलों पर विश्व स्तरीय बुनियादी ढांचे और सुविधाओं का निर्माण करके देश के प्रमुख तीर्थ और पर्यटन स्थलों पर पर्यटकों और तीर्थयात्रियों के समग्र अनुभव की गुणवत्ता में सुधार करना है। हजरतबल तीर्थ पर तीर्थ यात्रियों और पर्यटकों के लिए विश्व स्तरीय बुनियादी ढांचे और सुविधाओं के निर्माण और उनके समग्र आध्यात्मिक अनुभव की गुणवत्ता में सुधार के प्रयास स्वरूप हजरतबल तीर्थ का एकीकृत विकास परियोजना क्रियान्वित की गई है। परियोजना के प्रमुख तत्वों में तीर्थ स्थल की चहारदीवारी के निर्माण सहित पूरे क्षेत्र का विकास शामिल है। हजरतबल तीर्थ परिसर की रोशनी, तीर्थ स्थल के चारों ओर घाटों और देवरी पथों का सुधार, सूफी व्याख्या केंद्र का निर्माण, पर्यटक सुविधा केंद्र का निर्माण, संकेतक की स्थापना, बहुस्तरीय मंजिला कार पार्किंग, सार्वजनिक सुविधा ब्लॉक और तीर्थस्थल के प्रवेश द्वार का निर्माण व अन्य शामिल हैं।
-
तीर्थयात्रा और पर्यटक स्थलों की विस्तृत श्रृंखला को
विकसित करने वाली 45 परियोजनाओं का होगा शुभारंभ
प्रधानमंत्री मोदी 43 परियोजनाओं का शुभारंभ भी करेंगे जो देश में तीर्थयात्रा और पर्यटक स्थलों की एक विस्तृत श्रृंखला को विकसित करेंगी। इनमें आंध्र प्रदेश के काकीनाडा जिले में अन्नवरम मंदिर, तमिलनाडु के तंजावुर और मयिलादुथुराई जिले और पुडुचेरी के कराईकल जिले में नवग्रह मंदिर, कर्नाटक के मैसूर जिले में श्री चामुंडेश्वरी देवी मंदिर, राजस्थान के बीकानेर जिले में करणी माता मंदिर, हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले में मां चिंतपूर्णी मंदिर, गोवा में बेसिलिका ऑफ बॉम जीसस चर्च महत्वपूर्ण धार्मिक स्थल भी शामिल हैं। प्रधानमंत्री चुनौती आधारित गंतव्य विकास (सीबीडीडी) योजना के तहत चयनित 42 पर्यटन स्थलों की घोषणा करेंगे। केंद्रीय बजट 2023-24 के दौरान घोषित की गई अभिनव योजना का उद्देश्य पर्यटन स्थलों के विकास को उत्प्रेरित करके पूर्ण रूप से पर्यटक अनुभव प्रदान करना है। 42 गंतव्यों की पहचान चार श्रेणियों में की गई है (संस्कृति और विरासत गंतव्य में 16, आध्यात्मिक स्थलों में 11, ईको टूरिज्म और अमृत धरोहर में 10 और वाइब्रेंट विलेज में 5)। पीएम देखो अपना देश पीपल्स चॉइस 2024 के रूप में पर्यटन पर देश की नब्ज पहचानने की प्रथम राष्ट्रव्यापी पहल का शुभारंभ करेंगे। राष्ट्रव्यापी सर्वेक्षण का उद्देश्य नागरिकों के साथ जुड़कर सबसे पसंदीदा पर्यटक आकर्षणों की पहचान करना और 5 पर्यटन श्रेणियों - आध्यात्मिक, सांस्कृतिक और विरासत, प्रकृति और वन्य जीवन, साहसिक और अन्य श्रेणियों में पर्यटकों की अवधारणा को समझना है। चार मुख्य श्रेणियों के अलावा अन्य श्रेणी वे हैं, जहां कोई अपने व्यक्तिगत पसंदीदा पर्यटन के लिए मतदान कर सकता है और लुप्त पर्यटन आकर्षणों और स्थलों जैसे वाइब्रेंट बॉर्डर विलेज, वेलनेस टूरिज्म, वेडिंग टूरिज्म आदि का अनावरण करने में सहायता कर सकता है। यह मतदान अभ्यास भारत सरकार के नागरिक सहभागिता पोर्टल मॉयगव प्लेटफॉर्म पर आयोजित किया जा रहा है।