जम्मू-कश्मीर अपने आप में बड़ा ब्रांड
प्रधानमंत्री ने कहा, जम्मू-कश्मीर में पर्यटन के साथ ही कृषि और कृषि उत्पादों की बहुत बड़ी ताकत है। यहां की केसर, सेब, मेवे, चेरी और जम्मू-कश्मीर अपने आप में बड़ा ब्रांड है। अब कृषि विकास कार्यक्रम से ये क्षेत्र और मजबूत होगा। 5 हजार करोड़ रुपये के समग्र कृषि विकास कार्यक्रम से अगले 5 वर्षों में जम्मू-कश्मीर के कृषि सेक्टर में अभूतपूर्व विकास होगा। विशेष तौर पर बागवानी और पशुधन के विकास में बहुत मदद मिलेगी। इससे रोजगार के भी हजारों नए अवसर तैयार होंगे। यहां किसानों के खातों में भारत सरकार ने करीब 3 हजार करोड़ रुपये किसान सम्मान निधि के तौर पर सीधे भेजे हैं। फलों और सब्जियों को ज्यादा समय तक सुरक्षित रखने के लिए जम्मू-कश्मीर में स्टोरेज क्षमता भी काफी बढ़ाई गई है। कुछ दिन पहले ही दुनिया की सबसे बड़ी भंडारण स्कीम शुरू की गई है। इसके तहत जम्मू-कश्मीर में भी अनेकों नए गोदाम बनाएंगे ।
विकास की रफ्तार तेज, जम्मू-कश्मीर से कमल का गहरा रिश्ता
प्रधानमंत्री ने कहा कि जम्मू कश्मीर आज तेज रफ्तार से विकास के मार्ग पर आगे बढ़ रहा है। यहां के लोगों को एक नहीं बल्कि 2-2 एम्स की सुविधा मिलने जा रही है। एम्स जम्मू का उद्घाटन हो चुका है और एम्स कश्मीर पर तेजी से काम चल रहा है। 7 नए मेडिकल कॉलेज, 2 बड़े कैंसर अस्पताल स्थापित किए गए हैं। आईआईटी और आईआईएम जैसे आधुनिक शिक्षा संस्थान भी बने हैं। जम्मू-कश्मीर में 2 वंदे भारत ट्रेनें भी चल रही हैं। श्रीनगर से संगलदान और संगलदान से बारामुला के लिए ट्रेन सेवा शुरू हो चुकी है। कनेक्टिविटी के विस्तार से जम्मू-कश्मीर में आर्थिक गतिविधियां तेज हुई हैं।
जम्मू और श्रीनगर को स्मार्ट सिटी बनाने के लिए इंफ्रास्ट्रक्चर के नए प्रोजेक्ट भी लाए जा रहे हैं। आने वाले समय में जम्मू-कश्मीर की सक्सेस स्टोरी पूरी दुनिया के लिए एक बहुत बड़ा आकर्षण का केंद्र बनेगा। मैं अपने मन की बात कार्यक्रम में जम्मू-कश्मीर की उपलब्धियों के बारे में हर बार कुछ ना कुछ कहने का मौका लेता हूं। यहां साफ-सफाई के अभियान, यहां का हस्तशिल्प...यहां की कारीगरी, इन पर मैं मन की बात में लगातार बात करता हूं। एक बार मैंने नंदडू (कमल ककड़ी) के बारे में मन की बात में बहुत विस्तार से बताया था। यहां की झीलों में जगह-जगह कमल देखने को मिलते हैं। 50 साल पहले बने जम्मू-कश्मीर क्रिकेट एसोसिएशन के ‘लोगो’ में भी कमल है। ये सुखद संयोग है या कुदरत का कोई इशारा कि भाजपा का चिह्न भी कमल है और कमल के साथ तो जम्मू-कश्मीर का गहरा नाता है।
युवाओं के कौशल विकास से खेल तक में नए अवसर बनाए जा रहे
उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर के युवाओं को हर क्षेत्र में आगे बढ़ाने के लिए हमारी सरकार लगातार काम कर रही है। युवाओं के कौशल विकास से लेकर स्पोर्ट्स तक में नए अवसर बनाए जा रहे हैं। आज जम्मू-कश्मीर के हर जिले में आधुनिक खेल सुविधाएं बनाई जा रही हैं। 17 जिलों में यहां मल्टी-परपज इंडोर स्पोर्ट्स हॉल बनाए गए हैं। बीते वर्षों में जम्मू-कश्मीर ने अनेकों नेशनल स्पोर्ट्स टूर्नामेंट्स में मेजबानी की है। अब जम्मू-कश्मीर देश की शीतकालीन खेल की राजधानी के रूप में उभर रहा है। हाल ही में हुए खेलो इंडिया विंटर गेम्स में करीब एक हजार खिलाड़ी देशभर से आए।
कश्मीरियों का दिल जीतने के लिए कर रहा मेहनत
प्रधानमंत्री ने कहा कि यहां लोगों की जुटी भारी भीड़ और प्यार से जितना खुश हूं उतना ही कृतज्ञ भी हूं। मोदी प्यार के इस कर्ज को चुकाने में कोई कोर-कसर नहीं छोड़ेगा। 2014 के बाद जब भी आया तो यही कहा कि मैं ये मेहनत आपका दिल जीतने के लिए कर रहा हूं। मैं दिनों-दिन देख रहा हूं कि मैं आपका दिल जीतने की सही दिशा में जा रहा हूं। आपका दिल जीत पाया हूं और ज्यादा जीतने की कोशिश जारी रहेगी। यह मोदी की गारंटी है। मोदी की गारंटी यानी, गारंटी पूरा होने की गारंटी।
विकसित जम्मू-कश्मीर विकसित भारत की प्राथमिकता
उन्होंने कहा कि विकास की शक्ति...पर्यटन की संभावनाएं...किसानों का सामर्थ्य...और जम्मू-कश्मीर के युवाओं का नेतृत्व...विकसित जम्मू-कश्मीर के निर्माण का रास्ता यहीं से निकलने वाला है। जम्मू-कश्मीर केवल एक क्षेत्र नहीं है। जम्मू-कश्मीर भारत का मस्तक है। और ऊंचा उठा मस्तक ही विकास और सम्मान का प्रतीक होता है। इसलिए विकसित जम्मू-कश्मीर, विकसित भारत की प्राथमिकता है।