अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। विकसित भारत, विकसित जम्मू-कश्मीर में अमन के साथ नई तस्वीर उभरी है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में 15 नवंबर, 2023 को जम्मू-कश्मीर में 4405 जगहों पर विकसित अभियान शुरू किया था, जिसमें 42 लाख लोग जुड़े और उन्हें सरकारी योजनाओं के बारे में जागरूक करके पंजीकृत किया गया। एमए स्टेडियम में मंगलवार को हुई रैली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंच से सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों से भौतिक और वर्चुअल मोड से संवाद किया। लाभार्थियों ने योजनाओं को अपनाने के बाद उनके जीवन में आए बदलाव के बारे में बताया। इस रैली के माध्यम से लाभार्थियों के अनुभवों को देशवासियों ने वर्चुअल मोड से सुना।
-
अब जंगल से लकड़ी नहीं लानी
पड़ती, गैस चूल्हे पर बनता है खाना
अठोली, किश्तवाड़ निवासी बीना देवी ने प्रधानमंत्री से सीधा संवाद करते हुए बताया कि गांव का जीवन बहुत कठिनाई से होता है। खासतौर पर महिलाओं को खाना बनाने के लिए पहले जंगल से लकड़ी लानी पड़ती है। लेकिन पीएम उज्ज्वला योजना ने मेरा जीवन बदल दिया। अब घर में गैस चूल्हे पर खाना बनता है और जंगल में जाकर व्यर्थ होने वाला समय बचता है। गरीबों के लिए आयुष्मान गोल्डन कार्ड भी लाभदायक सिद्ध हुआ है।
जम्मू-कश्मीर से लखपति दीदी बनेंगी
बसोहली, कठुआ निवासी कीर्ति शर्मा ने बताया कि उन्हें राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका अभियान के तहत आत्मनिर्भर बनने का मौका मिला। प्रधानमंत्री से पंडाल में सीधा संवाद करते हुए शर्मा ने बताया कि मैंने आठ बहनों से समूह बनाया है और वे पशुपालन व सिलाई व्यवसाय से जुड़ी हैं। ये बैंक से ऋण मिलने पर ही संभव हो पाया। स्वयं सहायता समूह से हमें सरकारी योजनाओं की जानकारी मिल रही है। पीएम ने कहा कि मैं चाहता हूं कि देश में तीन करोड़ बहनें लखपति दीदी बनें।इस पर कीर्ति ने कहा कि हमारे क्षेत्र में ऐसी आठ हजार बहनों को लखपति दीदी बनाया जा सकता है और मैं इसके लिए पूरे प्रयास करूंगी।
-
गुज्जर-बक्करवालों को मिल रहे पक्के घर
गुज्जर समुदाय से पुंछ निवासी लाल मोहम्मद ने वर्चुअल मोड से प्रधानमंत्री का धन्यवाद करते हुए बताया कि वह खानाबदोश लोग हैं। लेकिन पीएम आवास योजना के तहत आज उन्हें अपना पक्का घर मिल सका है, जो शायद ही हमने सपने में सोचा था।
-
महिलाएं दूसरों के लिए बन रहीं प्रेरणास्रोत
बांदीपोरा निवासी शाहिना बेगम ने वर्चुअल मोड से प्रधानमंत्री से संवाद करते हुए बताया कि उन्होंने दीनदयाल उपाध्याय अंत्योदय योजना के तहत राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका का लाभ पाया है। वह पीजी हैं, लेकिन परिवार में गरीबी के कारण आजीविका में काफी परेशानी होती थी। फिर मैंने 2018 में स्वयं सहायता समूह में शामिल होकर कई व्यवसाय शुरू किए और आज हम लखपति हैं। पीएम ने शाहिना की प्रशंसा करते हुए उन्हें महिलाओं के प्रेरणास्रोत बताया।
दूरदराज के इलाकों में भी पहुंच चुका है नल
पुलवामा निवासी रैयाज अहमद कोहली ने बताया कि जल जीवन मिशन के तहत उनके दूरदराज क्षेत्र में पानी पहुंचा है। आज क्षेत्र के लगभग घरों में नल लग चुका है। पहले महिलाएं और बच्चियां एक से डेढ़ किमी. पैदल चलकर पानी लाती थीं। अब बच्चे समय पर स्कूल पहुंच रहे हैं। कोहली ने बताया कि अनुच्छेद 370 के बाद वन अधिकार अधिनियम लागू होने से अब हम अपने हक के साथ जीवन व्यतीत कर रहे थे। पीएम ने कहा कि इसके लिए उनकी माताओं से आशीर्वाद मांगा। उन्होंने जब मैं पहले जम्मू कश्मीर में आता था तो गुज्जर समुदाय के लोग मुझे बहुत प्यार करते थे। इसी तरह पंडाल में मौजूद लाभार्थी चट्ठा निवासी अनीता कुमारी ने उज्ज्वला योजना, चट्ठा निवासी कैलाश रानी ने जलजीवन मिशन, पटोली निवासी निर्मला पवार ने जेकेआरएलएम योजना के लाभ के बारे में बताया।