एक्सप्रेस वे में ब्लाइंड वाल के निर्माण से पांच लाख की आबादी प्रभावित होगी
सांसद जुगल ने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से पिल्लरों की मांग की
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। सांसद जुगल किशोर शर्मा ने केंद्रीय यातायात व राष्ट्रीय राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी को पत्र लिखकर दिल्ली-कटड़ा एक्सप्रेस वे के निर्माण में कुंजवानी-सैनिक कालोनी से नरवाल तक ब्लाइंड वाल के बजाय पिल्लरों पर निर्माण करने की मांग की है। सांसद का कहना है कि क्षेत्रवासियों ने स्थानीय व्यापार और दूसरी जरूरतों को ध्यान में रखते हुए यह मांग की है।
भाजपा नेता देवेंद्र सिंह राणा, शाम लाल लंगर भाजपा ट्रेडर्स प्रकोष्ठ और चैंबर आफ कामर्स एंड इंडस्ट्री जम्मू के प्रधान अरुण गुप्ता के नेतृत्व में कुंजवानी, सैनिक कालोनी, छन्नी हिम्मत, नरवाल और साथ लगते इलाकों के लोगों ने सांसद से मुलाकात कर पिल्लरों पर एक्सप्रेस वे के निर्माण की मांग की। उनका तर्क है कि उक्त इलाके में कई स्कूल, अस्पताल, स्थानीय बाजार, प्रतिष्ठान, माल, बैंक्वेट हाल, मुख्य फल पंडी, सब्जी मंडी, ट्रांसपोर्ट नगर, आईएसबीटी बस स्टैंड और नए रेलवे स्टेशन का एंट्रेस और एग्जिट प्वाइंट आ रहा है। ब्लाइंड वाल का निर्माण होने से करीब पांच लाख की आबादी के लोग प्रभावित होंगे। यह क्षेत्र बहुत प्रमुख है जो शहर का एंट्री प्वाइंट है। इसलिए इस क्षेत्र में ब्लाइंड वाल के बजाय पिल्लरों पर एक्सप्रेस वे का निर्माण किया जाए।