पीडब्ल्यूडी विभाग के खिलाफ प्रदर्शन कर जताया रोष
संवाद न्यूज एजेंसी
मीरां साहिब। बिश्नाह-मीरां साहिब सड़क की जर्जर हालत बनी होने पर गांव कोटली मियां फता के ग्रामीणाें ने पूर्व सरपंच रघुवीर सिंह की अध्यक्षता में पीडब्ल्यूडी विभाग के खिलाफ विरोध-प्रदर्शन कर रोष जताया।
ग्रामीणों का कहना है कि कई स्थानों पर सड़क में गड्ढे बने होने पर ग्रामीणों सहित दूसरे लोगों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। पूर्व सरपंच रघुवीर सिंह का कहना है कि सड़क की जर्जर हालत होने पर संबंधित पीडब्ल्यूडी विभाग की ओर से गड्ढों को भी भरा नहीं जा रहा। इसके चलते आए दिन मार्ग पर दुर्घटनाएं घट रही हैं। उन्होंने कहा कि पीडब्ल्यूडी विभाग के उच्चाधिकारियों को कई बार अवगत करवाए जाने के बाद सिवाय अनदेखी के कुछ नहीं किया जा रहा। मीरां साहिब से बिश्नाह तक आने जाने के लिए अहम मार्ग होने पर आरएस पुरा व सुचेतगढ़ क्षेत्र के ग्रामीणों की आवाजाही इसी मार्ग पर से होने पर वाहन चालकों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
पूर्व नायब सरपंच रूडा राम व पूर्व पंच बोधराज का कहना है कि अब गांव कोटली मियां फत्ता तक रिंग रोड का निर्माण होने पर आने जाने वाले वाहनों की संख्या में बढ़ोतरी होने पर इस अहम मार्ग को ठीक नहीं किया जा रहा। सड़क के किनारे रणवीर नहर होने पर कई वाहन गति नियंत्रण नहीं होने पर आए दिन नहर में चले जाने पर दुर्घटनाएं घट रही हैं। मगर पीडब्ल्यूडी विभाग इस तरफ ध्यान नहीं दे रहा। उन्होंने कहा कि अगर बरसात के पहले इस मार्ग की हालत में सुधार नहीं किया तो क्षेत्र के ग्रामीण मीरां साहिब में आरएस पुरा-जम्मू सड़क मार्ग बंद कर प्रशासन व पीडब्ल्यूडी विभाग के खिलाफ विरोध- प्रदर्शन करेंगे।