ब्यासपुर फीडर की चल रही बिजली को काटकर कोटली राईयां के फीडर को किया चालू
संवाद न्यूज एजेंसी
अरनिया। बिजली कटौती को लेकर गांव मगोवाली, कोटली राईयां और ब्यासपुर परलाह के लोगों ने रिसिविंग स्टेशन का घेराव किया। इस मौके पर रिसिविंग स्टेशन के मुलाजिम स्टेशन छोड़कर भाग गए।
जानकारी के अनुसार गांव मगोवाली, कोटली राईयां के लोग इकट्ठे होकर रिसिविंग स्टेशन पहुंच गए। उन्होंने ब्यासपुर फीडर की चल रही बिजली को काट दिया और कोटली राईयां के फीडर को चालू कर दिया। गांव ब्यासपुर के लोगों को इसका पता चला तो बड़ी संख्या में इकट्ठे होकर रिसिविंग स्टेशन पहुंच गए। यहां लोगों की आपस में बहसबाजी शुरू हो गई। समय रहते ब्यासपुर परलाह गांव के लोगों ने कोटली राईयां के फीडर को काटकर ब्यासपुर की बिजली चालू कर दी। इसके बाद गांव के गणमान्य लोगों ने मिलकर दोनों गांव के लोगों को समझाकर मामले को शांत कर दिया है।
इसी बीच सब ट्रांसमिशन डिवीजन के एईई जोगिंदर सिंह जमबाल को मामले के बारे में सूचना दी गई। उन्होंने रिसिविंग स्टेशन के मुलाजिमों को स्टेशन में तुरंत रिपोर्ट करने के लिए कहा। उसके बाद मुलाजिम रिसिविंग स्टेशन में पहुंच गए। वहां पर लोगों को आश्वासन दिया गया और उसके बाद सोमवार को बिजली की कटौती को लेकर बिजली विभाग के अधिकारियों के समक्ष मुद्दे का समाधान करने के लिए कहा है।